हर कार्यकर्ता से होंगे मुखातिब करेंगे चुनाव को लेकर संवाद पंडाल में मंडलवार बन रहा ब्लाक बीच में 15 फीट का रास्ता

वाराणसी (ब्यूरो)पीएम नरेन्द्र मोदी का कार्यकर्ता सम्मेलन हर बार से इस बार थोड़ा इतर होगा। जहां पहले मंच से सीधा संवाद करते रहे तो इस बार सीधा मुखातिब होंगे। इसके लिए पंडाल में बकायदा इंतजाम किया जा रहा है। तय कार्यक्रम के तहत पीएम मोदी गोल्फ कार्ट पर सवार होंगे। इसके बाद कार्यकर्ताओं के बीच जाएंगे। हर कार्यकर्ता उनकी नजरों में रहेगा। गोल्फ कार्ट पर सवार होकर ही उनसे संवाद करेंगे।

इसके लिए विशेष तरह से पंडाल बनाया जा रहा है। बारिश व धूप से बचने के लिए पहले की तरह जर्मन हैंगर का इस्तेमाल हो रहा है लेकिन अंदर जो कुर्सियां लगाई जा रही हैं उसे अलग रणनीति से रखी जा रही है। भाजपा मंडल के आधार पर ब्लाक बनाया जा रहा है। हर ब्लाक के बीच 15 फीट का रास्ता बन रहा है जिसमें से पीएम मोदी गोल्फ कार्ट पर सवार होकर कार्यकर्ताओं के बीच जाएंगे।

संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय मैदान में सम्मेलन का आयोजन हो रहा है। हर बूथ से छह कार्यकर्ताओं को बुलाया जा रहा है। प्रवेश के लिए सभी को प्रवेशिका दी जा रही है जिसके आधार पर ही पंडाल में प्रवेश मिलेगा। कार्यकर्ताओं के लिए कुल 20 हजार 166 कुर्सियां लगाई जा रही हैं। अतिथियों व बड़े पदाधिकारियों के लिए मंच के सामने सोफा व कुर्सी लगाई जा रहा रही है। पंडाल में भाजपा महानगर के लिए 13 मंडल व जिला के 20 मंडल के लिए अलग-अलग ब्लाक बनाया गया है।

देवरिया से बनारस आएंगे मोदी

तय कार्यक्रम के तहत 27 फरवरी को देवरिया में जनसभा को संबोधित कर पीएम मोदी बनारस आएंगे। दोपहर बाद यहां पर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस लाइन में हेलीकाप्टर से उतरने के बाद सड़क से चौकाघाट स्थित संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय मैदान तक जाएंगे। इस दौरान अघोषित रोड शो भी करेंगे।

Posted By: Inextlive