दून स्मार्ट सिटी की 10 नई इलेक्ट्रिक बसें पिछले करीब 15 दिन से इनॉग्रेशन के इंतजार में खड़े-खड़े धूल फांक रही है. 15 दिन बाद भी बसों के संचालन से पूर्व उद्घाटन की औपचारिकता पूरी नहीं हो पाई.

- 15 दिन से ट्रांसपोर्ट नगर में खड़े-खड़े धूल फांक रही इलेक्ट्रिक बसें
- स्मार्ट सिटी ने शहरी विकास मंत्री से मांगा है इनॉग्रेशन का समय

देहरादून (ब्यूरो): दून पहुंची इन 10 नई इलेक्ट्रिक बसों में कुछ नये रूट पर दौड़ेंगी। स्मार्ट सिटी के अफसरों का कहना है कि बसों के लोकार्पण के लिए शहरी विकास मंत्री से समय मांगा गया है। विभागीय मंत्री की एप्रूवल मिलते ही निश्चित तिथि को बसों को रूट पर उतारा जाएगा।

कुछ नए रूटों पर भी दिखेंगी ई बसें
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत दून में 10 नई इलेक्ट्रिक बसें माह के पहले सप्ताह में दून पहुंच गई थी। बताया जा रहा है कि ई-बसों का रूट पर्यटक स्थल मालदेवता से लेकर सहसपुर तक तय किया गया है। पहले सेलाकुई और रायपुर ही आखिरी स्टॉपेज थे। पहले स्मार्ट सिटी के अफसरों ने 15 नवंबर तक बसों को सड़क पर उतारने की बात कही थी, लेकिन 25 नवंबर तक भी बसों का संचालन शुरू नहीं किया जा सका है। बसों के खड़े रहने से स्मार्ट सिटी को राजस्व का नुकसान हो रहा है।

आखिरी दौर में ई बसों का प्रोजेक्ट
स्मार्ट सिटी लिमिटेड में पूर्व से 20 हाईटेक स्मार्ट बसें संचालित की जा रही है। 10 नई ई-बसों के शामिल होने के बाद स्मार्ट सिटी का स्मार्ट बसों का प्रोजेक्ट समाप्त हो जाएगा। इसके बाद स्मार्ट सिटी के बेड़े में 30 बसें शामिल हो जाएंगी। प्रोजेक्ट के तहत 30 बसों का ही संचालन होना है

अब तक चल रही ई बसें
रूट ई-बसें
राजपुर रोड 5
सेलाकुई 7
एयरपोर्ट 5
केनाल रोड 3
टोटल 20

कुछ रूटों पर बढेंगी तो कुछ से हटेंगी
स्मार्ट सिटी कुछ रूटों पर बसों के संचालन में फेरबदल कर सकता है। जिन रूटों पर अधिक यात्री सफर कर रहे हैं उन रूटों में बसों का संचालन बढ़ाया जाएगा, जबकि कुछ रूटों पर यात्री कम संख्या में वहां से बसें ई बसें कम की जा सकती है।

हर आधे घंटे में बसें
स्मार्ट सिटी के अधिकारियों की मानें तो एयरपोर्ट रूट पर हाईटेक ई-बस को पब्लिक सबसे ज्यादा पसंद कर रही है। आईएसबीटी से एयरपोर्ट रूट पर चलने वाली ई-बसें फुल होकर चल रही हैं। उम्मीद से अधिक रिजल्ट मिलने पर स्मार्ट सिटी ने इस रूट पर बसों की संख्या को बढ़ाने का फैसला लिया है। अब सुबह से लेकर शाम तक इस रूट पर हर आधे घंटे में ई-बसों का संचालन किया जाएगा। इस कमाऊ रूट पर बसों की संख्या बढ़ाकर 8 हो सकती है।

स्मार्ट सिटी की 10 नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन जल्द शुरू किया जाएगा। बसों के रूटों का सर्वे पूरा हो गया है। लोकार्पण के लिए शहरी विकास मंत्री से समय मांगा गया है। समय मिलते ही बसों को रूट पर उतारा जाएगा।
सोनिका, सीईओ, स्मार्ट सिटी लिमिटेड, देहरादून
dehradun@inext.co.in

Posted By: Inextlive