DEHRADUN: कोरोना संक्रमण से जूझ रहे प्रदेश में इसे लेकर सियासत भी गर्माने लगी है। कांग्रेस की ओर से प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधने के बाद अब भाजपा ने भी तेवर तल्ख किए हैं। इस क्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने सोमवार को देहरादून में कांग्रेस की सद्बुद्धि के लिए सांकेतिक मौन व्रत रखने का ऐलान किया है। इसके अलावा जिलों में भी भाजपा की जिला इकाइयों के अध्यक्ष मौन व्रत रखेंगे।

प्रदेश कार्यालय में रखेंगे मौन व्रत

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कौशिक सुबह 11 बजे से प्रदेश कार्यालय में मौन व्रत रखेंगे। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में भाजपा के साथ ही राज्यभर में तमाम स्वयंसेवी संस्थाएं कोरोना प्रभावितों का जीवन बचाने और उन्हें हरसंभव मदद मुहैया कराने के प्रयासों में जुटे हैं। इसके उलट कांग्रेस पार्टी धरना-प्रदर्शन में मशगूल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की रुचि सेवा कार्यों में नहीं है और वह राहत कार्यो में मीन मेख निकाल कर भय का वातावरण बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग जनता के बीच जाकर सेवा कार्यों में जुटें और उसे सद्बुद्धि आए, इसी के दृष्टिगत प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के जिलाध्यक्ष सोमवार को मौन व्रत रखेंगे।

Posted By: Inextlive