देहरादून,

जंगल से निकलकर एक हाथी शुक्रवार सुबह आबादी क्षेत्र में घुस गया। जिससे वहां हड़कंप मच गया। हाथी ने डिग्री कॉलेज की दीवार को भी तोड़ दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभाली। हालांकि, अभी भी हाथी संजय झील के पास ही मौजूद है। ऐसे में पुलिस व वनकर्मी उसकी निगरानी कर रहे हैं, ताकि वह आबादी क्षेत्र में घुसकर नुकसान न कर पाए.शुक्रवार सुबह करीब छह बजे ऋषिकेश-एम्स मार्ग पर अचानक एक हाथी सड़क पर आ गया। आवास विकास कॉलोनी गली नंबर नौ से लगे बगीचे से हाथी बाहर निकला। एक दांत वाले विशालकाय हाथी को देखकर हड़कंप मच गया। आस्था पथ में सुबह के वक्त काफी लोग घूमने आते हैं। हाथी ने यहां से शहर की ओर रुख कर लिया। स्थानीय व्यवसायी संजीव गोयल ने तत्काल पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। वह स्वयं सड़क पर आने वाले नागरिकों को सावधान करते रहे। इस दौरान घनी आबादी वाले गंगा विहार क्षेत्र में हाथी घुस गया। यहीं पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल का आवास है। आवास के बगल वाली सड़क से निकलकर हाथी साई घाट की ओर निकल गया। पुलिस की टीम ने मुख्य मार्ग पर पहुंचकर सड़क के दोनों तरफ वाहनों को रोक दिया। हाथी मुख्य मार्ग पर आने के बाद कृषि मंडी की ओर बढ़ गया।

Posted By: Inextlive