देहरादून: गुरुवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश से विभिन्न क्षेत्रों में काफी नुकसान हुआ। शुक्रवार को मसूरी विधायक गणेश जोशी ने विजय कॉलोनी के पथरिया पीर, दून विहार के सोनिया बस्ती एवं विवेक विहार सहित कैनाल रोड जाखन के बारीघाट व दुर्गा विहार आदि क्षेत्रों में नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

अधिकारियों के साथ किया विजिट

शुक्रवार सुबह अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे मसूरी विधायक ने दून विहार में सूखे पेड़ काटने के लिए वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। सोनिया बस्ती में दीवार ढहने से क्षतिग्रस्त पांच दोपहिया वाहनों का मुआवजा व पीडि़त परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। विवेक विहार में एक पेड़ टूटने से काफी नुकसान हो गया था, जिसके बाद एसडीआरएफ मौके पर पहुंची और राहत कार्यो में जुट गई। वहीं, बारीघाट में रिस्पना नदी के तेज बहाव के पुस्तों को पहुंचे नुकसान से कारण सड़क किनारे बने घरों को खतरा पैदा हो गया है, विधायक जोशी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को पुस्तों पर तारजाल लगाने को कहा है। दुर्गा विहार में बारिश का पानी घरों में घुसने से सामान क्षतिग्रस्त हो गया। विजय कॉलोनी के पथरिया पीर और बदरीनाथ कॉलोनी में निरीक्षण के दौरान विधायक जोशी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को पुश्ते दुरुस्त करने और तारजाल लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान उप जिलाधिकारी गोपाल राम बिनवाल, पार्षद संजय नौटियाल, पार्षद सत्येंद्र नाथ, पार्षद कमल थापा, जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता यशवीर मल्ल आदि उपस्थित थे।

Posted By: Inextlive