-मंगलवार को 4413 यात्रियों ने किए बदरी-केदार में दर्शन

-गंगोत्री-यमुनोत्री दर्शनों को पहुंचे सिर्फ 395 यात्री

गढ़वाल: बदरी-केदार व हेमकुंड साहिब में यात्रियों की आमद बढ़ने से खाने-ठहरने की सुविधाओं में भी वृद्धि होने लगी है। मंगलवार को चारों धाम में 4413 यात्रियों ने दर्शन किए। इनमें सिर्फ बदरी-केदार पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या ही 4018 है। जबकि, गंगोत्री-यमुनोत्री दर्शनों को सिर्फ 395 यात्री पहुंचे। हेमकुंड साहिब में मत्था टेकने वालों की संख्या 222 रही।

कपाट खुलने के बाद से अब तक बदरी-केदार दर्शनों को 62201 यात्री पहुंच चुके हैं। इनमें 41240 यात्री बदरीनाथ और 20961 यात्री केदारनाथ पहुंचे। मंगलवार को 2148 यात्रियों ने भगवान बदरी विशाल और 1058 पुरुष, 795 महिला व 17 बच्चों समेत 1870 यात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए। गंगोत्री धाम पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या 361 रही, जबकि यमुनोत्री दर्शनों को सिर्फ 34 यात्री पहुंचे। रास्ता खराब होने के कारण यमुनोत्री धाम पहुंचने में अभी भी दिक्कतें पेश आ रही हैं।

छह हजार यात्री टेक चुके हेमकुंड साहिब में मत्था

हेमकुंड साहिब और लोकपाल लक्ष्मण मंदिर में दर्शनों को अब तक छह हजार से ज्यादा यात्री पहुंच चुके हैं। मंगलवार को 222 यात्रियों ने हेमकुंड साहिब में मत्था टेका। कोरोना संक्रमण के चलते इस बार हेमकुंड साहिब व लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट चार सितंबर को खोले गए थे। दोनों धाम के कपाट बंद होने में अब सिर्फ तीन दिन शेष रह गए हैं।

Posted By: Inextlive