देहरादून।

दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की ओर से महिला दिवस के मौके पर आपको रूबरू कराया जा रहा है सिटी की कुछ ऐसी महिलाओं से, जिन्होंने स्ट्रगल कर एक मुकाम हासिल कर लिया है। वहीं कुछ ऐसी भी महिलाएं हैं जो स्ट्रगल के दौर से गुजर रही हैं, मुकाम तक नहीं पहुंची लेकिन हिम्मत पूरी बनी हुई है।

हजारों दिव्यांगों की सेवा

हर्षल फाउंडेशन की ट्रस्टी और दून संस्कृति संस्था की प्रेसीडेंट रमा गोयल को बचपन से ही समाज के लिए कुछ करने का शौक था। मौका मिलते ही उन्होंने दिव्यांगों के लिए हेल्थ कैंप लगाने शुरू कर दिए। अब तक एक हजार दिव्यांगों के कृत्रिम हाथ-पैर लगवा चुकी हैं तो सैकड़ों की आंखों के ऑप्रेशन करवा चुकी हैं। यही नहीं वे दिव्यांगों के पुनर्वास के लिए भी काम कर रही हैं। अब तक सैकड़ो दिव्यांगों को किसी न किसी माध्यम से रोजगार भी दिला चुकी हैं। रमा गोयल सैकड़ों दिव्यांगों के मेडिकल सर्टिफिकेट बनवा चुकी हैं। समय-समय पर मेडिकल कैंप लगवा उसमें हजारों से लाखों रुपये तक के कृत्रिम अंग फ्री में लगवाती हैं। यही नहीं दूर-दराज से आने वाले दिव्यांगों के ठहरने-खाने की भी निशुल्क व्यवस्था करती हैं। एकल महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में भी रमा विशेष काम कर रही है। वहीं अलग-अलग एनजीओ के माध्यम से एकल महिलाओं को रोजगार दिलवाना, हाइजीन को लेकर विशेष काम करना उनकी आदत में बस गया है। रमा के इस जज्बे को हर कोई सलाम करता है।

अल्का ने खड़ा कर दिया रेस्टोरेंट

मोहिनी रोड निवासी अल्का कुकरेती आज भले ही बेहद संपन्न हों लेकिन उम्र के एक दौर में उन्होंने बेहद संघर्ष झेला है। चार बहनों में सबसे बड़ी अल्का बेहद जल्दी समझदार हो गई। वहीं शादी के बाद सास, पति और बेटे की जिम्मेदारियों में बिजी हो गई। अल्का ने बताया कि 40 की उम्र में उन्होंने अपना रेस्टोरेंट खोलने की सोची। हालांकि ये सब कुछ मुश्किल तो था लेकिन कर दिखाया तो अच्छा लगा। बताया कि सास तो अब नहीं है लेकिन अपने बुजुर्ग माता-पिता को वही देख रही हैं।

मजबूती से संभाल रही जिम्मेदारी

जनवरी में अल्का कुकरेती के हजबेंड की डेथ हो गई। अचानक पति के डेथ के बाद भी अल्का टूटी नहीं बल्कि रेस्टोरेंट की जिम्मेदारी बखूबी उठा रही हैं। बताया कि महिला होने के नाते जमीन ढूंढने से लेकर सब फॉर्मेलिटी पूरी करने में काफी दिक्कत महसूस हुई। लेकिन खुद भी डिपेंड हो गई थी तो पति के बाद भी जिम्मेदारियां निभा पा रही हैं। बताया कि बेटा यूएस में पीएचडी कर रहा है।

Posted By: Inextlive