- यूसर्क की ओर से पर्वतीय जैवविविधता पर वेबिनार का किया गया आयोजन

DEHRADUN: उत्तराखंड विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान केंद्र (यूसर्क) की ओर से शुक्रवार को पर्वतीय जैवविविधता विषय पर वेबिनार का आयोजन किया गया। अंतरराष्ट्रीय पर्वत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए यूसर्क के निदेशक प्रो। एमपीएस बिष्ट ने युवाओं से हिमालय की जैवविविधता के संरक्षण के लिए आगे आकर कार्य करने का आह्वान किया।

पर्वतों का संरक्षण जरूरी

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) उत्तरकाशी के प्राचार्य कर्नल अमित बिष्ट ने बताया कि पर्वतों का संरक्षण आज की मुख्य आवश्यकता है। लोग अपनी मानवीय गतिविधियों में परिवर्तन व नियंत्रण करके हिमालयी पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकते हैं। अनियंत्रित मानवीय गतिविधियां हमारे पर्वतीय जलस्रोतों, जंगलों एवं पर्वतीय जैवविविधता को हानि पहुंचाते है। कर्नल बिष्ट ने कहा कि पर्यावरण की स्वच्छता एवं संरक्षण पर विशेष रूप से चिंतन एवं कार्य करना चाहिए। निम के उपप्रधानाचार्य ले। कर्नल योगेश धूमल ने पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भूमंडलीय ताप वृद्धि को रोकने, अपशिष्ट के उचित निस्तारण के लिए आम जनमानस को भी जागरूक होना चाहिए। निम के रजिस्ट्रार डॉ। विशाल रंजन ने बताया कि हमारे पास अत्याधिक प्राकृतिक संसाधन हैं, जिनका उपयोग वैज्ञानिक ढंग से होना चाहिए।

Posted By: Inextlive