कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। Lunar Eclipse 2023 : साल का पहला चंद्र ग्रहण आगामी 5 मई को होगा। टाइम एंड डेट की रिपोर्ट के अनुसार, साल का पहला उप छाया चंद्र ग्रहण यूरोप, अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, एशिया और प्रशांत, अटलांटिक और हिंद महासागर के कुछ क्षेत्रों से दिखाई देगा। इस साल लोग भारत में भी लौकिक घटना के साक्षी बन सकते हैं। ग्रहण 5 मई को रात लगभग 8 बजकर 44 मिनट पर शुरू होगा। करीब 10 बजकर 52 मिनट पर ग्रहण अपने चरम पर पहुंच जाएगा। इसके बाद 6 मई को 1 बजे समाप्त होगा।

चंद्र ग्रहण में सूतक काल मान्य नहीं

चंद्र ग्रहण तीन तरह के होते हैं पूर्ण चंद्र ग्रहण, आंशिक चंद्र ग्रहण व खंडच्छायायुक्त या उप छाया चंद्र ग्रहण। पूर्ण चंद्र ग्रहण होने पर चंद्रमा पृथ्वी की छाया से ढक जाता है और उस तक सूरज की रोशनी नहीं पहुुंच पाती है। आंशिक चंद्र ग्रहण में चंद्रमा पृथ्वी की छाया से पूरी तरह नहीं ढकता है। वहीं खंडच्छायायुक्त चंद्र ग्रहण में चंद्रमा पर पृथ्वी की उप छाया ही पड़ती है। यह चंद्र ग्रहण उन दोनों चंद्र ग्रहण की तुलना में थोड़ा कमजोर होता है। इसमें सूतक काल नहीं माना जाता है। इसलिए साल के पहले चंद्र ग्रहण में सूतक काल मान्य नहीं होगा।

2023 में अगला चंद्र ग्रहण कब लगेगा

इसके बाद 2023 में साल का दूसरा चंद्र ग्रहण 28 अक्टूबर को होगा। यह आंशिक चंद्रग्रहण होगा जो ऑस्ट्रेलिया,अमेरिका, यूरोप, अफ्रीका और एशिया के क्षेत्रों में देखा जाएगा।