पटना (पीटीआई)। बिहार में महागठबंधन ने लोकसभा 2019 के लिए अपने क्षेत्रों का बंटवारा कर लिया है। लालू प्रसाद यादव की राजनीतिक पार्टी राष्ट्रीय जनता दाल (राजद) बिहार के 19 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने वाली है, जिसमें भागलपुर, बांका, मधेपुरा, दरभंगा, वैशाली, गोपालगंज, सिवान, महराजगंज, सारण, हाजीपुर, बेगूसराय, पाटलिपुत्र, बक्सर, जहानाबाद, नवादा, झंझारपुर, अररिया, सीतामढ़ी और शिवहर सीट शामिल हैं। महागठबंधन में राजद को मिले क्षेत्रों की जानकारी बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और राजद नेता तेजश्वी यादव ने दी। बता दें कि राजद ने अब तक अपने 18 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं लेकिन पार्टी की तरफ से शिवहर से कौन चुनाव लड़ेगा, यह अभी तय नहीं हुआ है।

कांग्रेस के खाते में पटना साहिब सीट

महागठबंधन में कांग्रेस को नौ सीटें मिली हैं, जिनमें किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, समस्तीपुर, मुंगेर, पटना साहिब, सासाराम, सुपौल और वाल्मीकि नगर शामिल हैं। बता दें कि पटना साहिब से फिलहाल शत्रुघ्न सिन्हा सांसद हैं और वे छह अप्रैल को बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले हैं।

रालोसपा के खाते में जमुई

जमुई लोकसभा सीट इस बार राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के खाते में गई है। महागठबंधन की तरफ से इस सीट पर भूदेव चौधरी मैदान में हैं। बता दें कि रालोसपा को  महागठबंधन में पांच सीटें मिली हैं, जिनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, उजिआरपुर, काराकाट और जमुई शामिल हैं।

गया सीट मांझी के खाते में

महागठबंधन में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) को सिर्फ तीन सीटें मिली हैं। उन सीटों में गया, नालंदा और औरंगाबाद शामिल हैं। पार्टी की तरफ से गया सीट पर जीतन राम मांझी, नालंदा सीट पर अशोक कुमा आजाद चंद्रवंशी और औरंगाबाद सीट पर उपेन्दर प्रसाद उम्मीदवार हैं।

वीआईपी पार्टी को खगड़िया और सीपीआई-एमएल को आरा सीट

महागठबंधन की तरफ वीआईपी पार्टी बिहार के तीन सीटों पर चुनाव लड़ने वाली है। इनमें मधुबनी, खगड़िया और मुजफ्फरपुर सीटें हैं। मुजफ्फरपुर सीट से डॉ. राजभूषण चौधरी निषाद और खगड़िया से मुकेश साहनी मैदान में हैं। पार्टी की तरफ से मधुबनी सीट के कैंडिडेट का नाम घोषित नहीं किया गया है। इसके अलावा महागठबंधन में सीपीआई-एमएल को सिर्फ आरा सीट मिला है।