कानपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर, चंडीगढ़ और दिल्ली के सभी इलाकों में पहुंच गया है। भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि अब वह अगले 72 घंटों में पंजाब, हरयाणा और राजस्थान के बचे हुए इलाकों में भी तेजी से पहुंच जायेगा। मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में लो प्रेशर बना है, जिसके चलते वहां ठंडी और तेज हवाएं चलेंगी।  

उत्तर प्रदेश और बिहार में होगी भारी बारिश

वहीं अगर आज की बात करें तो मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, कर्नाटक, कोंकण, गोवा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में भारी बारिश होगी। इसके अलावा गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाके भी भारी बारिश के चपेट में रहेंगे।

मछुआरों को दी गई सलाह

इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम अरब सागर, गुजरात, महाराष्ट्र तट, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में 40 से 50 किमी प्रति घंटे से हवाएं चलेंगी। ऐसे में खाड़ी से सटे तटीय इलाकों में मौसम खराब रहेगा। इससे मछुआरों को समुद्र में न उतरने की सलाह दी गई है। इससे पहले मौसम विभाग ने बताया था कि अगले 4-5 दिनों बाद पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाके भी भारी बारिश के चपेट में रहेंगे। इसके अलावा बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 6-8 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है।

National News inextlive from India News Desk