कानपुर। MS Dhoni in Maldives भारत के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी हमेशा से डाउन टू अर्थ रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण मालदीव में मिला जहां धोनी परिवार और दोस्तों संग छुट्टियां मनाने गए हैं। दरअसल मालदीव में मस्ती और घूमते-फिरते माही एक गोलगप्पे बेचने वाले के पास पहुंच गए। यहां उन्होंने खुद वेंडर बनकर दोस्तों को गोलगप्पे खिलाए। अब इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी छाया हुआ है।

सामने आया वीडियो

इस वीडियो में आप देखेंगे कि माही वेंडर बनकर अपने दोस्त और साथी क्रिकेटर रहे आरपी सिंह को पानीपूरी खिला रहे हैं। माही बकायदा गोलगप्पे में चटनी और पानी भरकर खुद आरपी की प्लेट में रखते हैं। जिसके बाद पूर्व तेज गेंदबाज आरपी सिंह सिर झुकाकर धोनी को धन्यवाद बोलते हैं। बता दें धोनी पत्नी साक्षी संग आरपी सिंह की फैमिली के साथ मालदीव की छुट्टियां इंज्वाॅय कर रहे हैं।

धोनी ने चलाई मोटर बोट

इससे पहले धोनी ने मालदीव में मोटर बोट में भी हाथ आजमाया था। बाइक्स और कारों के शौकीन धोनी ने मालदीव के समंदर में पत्नी साक्षी को बिठाकर मोटरबोट भी चलाई थी। इसका वीडियो साक्षी ने अपने अफिशल इंस्टाग्राम पर शेयर किया था। हालांकि यह वीडियो स्टोरी पर लगाया गया था जो 24 घंटे बाद खुद हट जाती है।

माही की कब होगी वापसी

एक समय दुनिया के बेस्ट फिनिशर में गिने जाने वाले धोनी लंबे वक्त से टीम इंडिया से बाहर हैं। धोनी ने आखिरी इंटरनेशनल मैच 2019 वर्ल्डकप सेमीफाइनल खेला था जिसमें भारत न्यूजीलैंड से हार गया था। उस मैच के बाद धोनी टीम इंडिया के लिए कभी नहीं खेले। ऐसे में फैंस अपने चहेते क्रिकेटर की वापसी के लिए काफी बेकरार हैं। धोनी टीम इंडिया में कब आएंगे, इसकी जानकारी किसी को नहीं। हालांकि इस बीच उनके संन्यास लेने की खबरें भी काफी चर्चा में है मगर माही फिलहाल अपना पूरा समय परिवार के साथ बिता रहे।

Cricket News inextlive from Cricket News Desk