रांची (आईएएनएस)। महेंद्र सिंह धोनी की मां ने क्रिकेटर की ताजा फोटो पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है, जो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है। धोनी की नई तस्वीर तब वायरल हुई जब उनकी बेटी जीवा के इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो अपलोड किया गया। धोनी बढ़ी हुई दाढ़ी के चलते बिल्कुल अलग दिख रहे हैं। फैंस को अंदाजा भी नहीं था कि लॉकडाउन के बीच उनके चहेते क्रिकेटर की ऐसी तस्वीर सामने आएगी। वैसे भी माही को काफी लोग थका हुआ कह चुके हैं। यही नहीं धोनी ने करीब एक साल से क्रिकेट भी नहीं खेला है। ऐसे में उनकी ताजा तस्वीर का चर्चा में आना जायज है।

मां के लिए कभी बूढ़ा नहीं होता बच्चा

माही की नई तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया पर जितनी बात हो रही, उस पर उनकी मां का कमेंट आया है। बीडी क्रिकटाइम के हवाले से धोनी की मां ने कहा, वह (धोनी) अभी बूढा नहीं हुआ है। हां, मैंने उनका नया रूप देखा है। बच्चा कभी भी किसी भी माँ के लिए बूढ़ा नहीं होता है।' वैसे यह पहली बार है जब धोनी की मां ने अपने बेटे की किसी तस्वीर पर कोई प्रतिक्रिया दी है। इससे पहले भी एक बार धोनी की बियर्ड लुक में फोटो सामने आई थी, हालांकि उस बात को दो-तीन साल हो गए।

एक और वीडियो आया सामने

जीवा के इंस्टाग्राम वीडियो के बाद सीएसके ने भी धोनी का एक नया वीडियो सोमवार को पोस्ट किया। इसमें माही अपनी बेटी के साथ गार्डेन में खेलते दिख रहे। ये वीडियो उनकी पत्नी साक्षी धोनी शूट कर रही थी। वीडियो में आप देखेंगे कि, धोनी अपनी बेटी जीवा को काफी दुलार कर रहे। वैसे इस बार वीडियो में धोनी को सामने से देखा जा सकता है।

Cricket News inextlive from Cricket News Desk