- वार्ड 13 शांति बिहार में गंदगी और जलभराव से घर से निकलना मुश्किल

BAREILLY:

शहर के वार्ड 13 शांति बिहार में जलभराव और गंदगी के कारण लोगों का सड़क चलना मुश्किल हो गया है। गंदगी और जलभराव के चलते यहां संक्रामक बीमारियों का प्रकोप भी चरम पर है। गंदे पानी की निकासी का इंतजाम न होने के चलते यहां सालभर नाली का पानी सड़क पर जमा रहता है। दैनिक जागरण आईनेक्स्ट के कैम्पेन स्मार्ट सिटी का नरक लोक में यहां की सफाई व्यवस्था का सच उजागर किया गया है। पढि़ए रिपोर्ट

पानी में घुस कर जाना मजबूरी

शांति बिहार की हरपाल नगर वाली गली का आलम यह है कि यहां लोगों को रहना तो दूर घर से निकलना तक मुश्किल है। लोगों को गंदे पानी से ही होकर गुजरना पड़ता है। यहां गंदे पानी की निकासी का कोई इंतजाम न होने के कारण हर समय पानी भरा रहता है। जिसकी वजह से लोगों को स्किन डिजीज भी होने लगी है।

नहीं आते हैं सफाइर् कर्मचारी

कॉलोनी के लोगों ने बताया कि यहां आज तक कोई सफाई करने नहीं आया है। कई बार नगर निगम में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनने को तैयार ही नही है। पार्षद से भी शिकायत की लेकिन वह भी नहीं सुनते।

हर बार सिफर् आश्वासन

शांति बिहार के गणेश नगर इलाके में मेन रोड के किनारे ही एक तालाब पड़ा है। जहां गंदगी का अम्बार है। पार्षद ने बताया कि इसकी सफाई के लिए कई बार नगर आयुक्त से कहा, लेकिन वह हर बार टाल देते हैं। जिसकी वजह से आज तक इस तालाब की सफाई नहीं हो सकी। हर बार सिर्फ आश्वासन ही दे दिया जाता है।

मलेरिया-स्किन डिजीज का प्रकोप

लोगों ने बताया कि गंदगी के चलते बीमारियां भी फैल रही हैं। कॉलोनी में ऐसा कोई घर नहीं है जहां कोई बीमार न हो। मच्छरों के चलते कई बच्चों को मलेरिया हो गया है तो वहीं कई लोगों को गंदे पानी से निकलते-निकलते स्किन डिजीज हो गई है, लेकिन नगर निगम न तो गंदे पानी की निकासी का इंतजाम करवा रहा है और न ही मच्छरों की रोकथाम के प्रयास कर रहा है।

वर्जन

कई बार शिकायत की लेकिन न तो यहां के पार्षद सुनते हैं और न ही नगर निगम के अफसर। लगता है कि इसी गंदगी में जिंदगी कटेगी।

रामप्रकाश, हरपाल नगर

ऐसा कोई घर नही जिसमें बच्चे बीमार न हों। सभी के बच्चों को बुखार ने अपनी चपेट में ले लिया है।

राजवती, हरपाल नगर

गंदे पानी में चलते-चलते स्किन की बीमारियां होने लगी है। समझ में नही आता आखिर कब तक इस गंदगी मे रहना होगा।

गुड्डी, हरपाल नगर

नहीं सुनते अफसर

वार्ड में केवल छह सफाई कर्मचारी हैं, जिसके कारण पूरे वार्ड की सफाई नहीं हो पाती है। कई बार नगर निगम के अधिकारियों से सफाई कर्मचारी बढ़ाने की मांग की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।

अजय चौहान, पार्षद

सभी सफाई इंस्पेक्टर को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने ओर गंदे पानी की निकासी के लिए आदेशित कर दिया गया है। इसके साथ ही जलभराव वाले एरिया में एंटी लार्वा का छिड़काव भी कराया जा रहा है।

अब्बास अली, नगर स्वास्थ्य अधिकारी