- कांग्रेस ने ही किया देश का विकास

- तीस साल से नहीं है यूपी में कांग्रेस की सरकार

Meerut। कुछ सियासी पार्टियों ने देश को जाति और धर्म के नाम पर बांट दिया है। कांग्रेस ने कभी जाति धर्म की राजनीति नहीं की। हर तबके का विकास किया है। यह बात कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव गुलाम नबी आजाद ने जिमखाना मैदान में आयोजित जनाक्रोश रैली के दौरान कही। उन्होंने मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि पीएम कहते हैं कि कांग्रेस ने 60 साल में कुछ नहीं किया। देश में आज जो कुछ है वह कांग्रेस की ही देन है। वहीं, पश्चिमी जोन प्रभारी नसीब ंिसंह ने नोटबंदी पर जमकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा

अकेले दम पर लड़ेंगे चुनाव

गठबंधन के जवाब में गुलाम नबी आजाद ने कहा कि यूपी में कांग्रेस किसी से गठबंधन नहीं करेगी। कांग्रेस यूपी में अकेले ही चुनाव लड़ेगी। गठबंधन की जो अफवाह है वह गलत है। इस मौके पर गुलाम नबी आजाद ने कहा कि आजादी के बाद से लेकर ढाई साल पहले तक देश में बिजली, सड़क और पानी कांग्रेस की ही देन है। अब कांग्रेस की योजना को ही मोदी सरकार अपनी बताकर पेश कर रही है।

कांग्रेस ने जो कहा वो किया

गुलाम नबी आजाद ने कहा कांग्रेस ने जो कहा वह पूरा किया है। अब भी कांग्रेस अपना वादा पूरा करेगी। बिजली का बिल हाफ और किसानों को फसल का उचित समर्थन मूल्य दिया जाएगा।

30 साल से नहीं यूपी में सरकार

बीते 30 साल से यूपी में कांग्रेस की सरकार नहीं है। इन 30 साल में सपा, बसपा और भाजपा की सरकार बनी है। भाजपा और बसपा ने मिलकर भी सरकार बनाई है। यही कारण है कि प्रदेश का विकास नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि जाति धर्म से ऊपर उठकर वोट करे।

मेरठ की तारीफ की

आजाद ने कहा कि यूपी ने सबसे ज्यादा देश को प्रधानमंत्री दिए हैं। लेकिन मेरठ के लोग इससे भी आगे हैं। मेरठ के लोगों ने देश को आजाद कराने के लिए क्रांति की ज्वाला शुरू की थी। इसीलिए मेरठ के लोगों से अपील है कि कांग्रेस का उम्मीदवार जहां से भी खड़ा हो उसको वोट करें।

कालेधन पर बोले मीम अफजल

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व सांसद मीम अफजल ने कहा कि केंद्र सरकार ने नोटबंदी के फैसले के नाम पर जनता से धोखा किया है। अपने संबोधन के दौरान अफजल ने मीडिया पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग एक तरफा खबर दिखाकर जनता में भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। जबकि कांग्रेस ने हमेशा किसान, मजदूर के हित की बात की है।

मसूद ने साधा निशाना

रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री हर स्तर पर झूठ बोलते हैं। पहले अपनी पत्‍‌नी से झूठ बोला और उनका त्याग किया। अब जनता से काले धन के नाम पर झूठ बोला। प्रधानमंत्री बताएं कि आखिर किसके पास है काला धन। पीएम मोदी का झूठ के ज्यादा दिन नहीं चलेगा, जनता सब समझ चुकी है।

थामा कांग्रेस का हाथ

सभा स्थल पर अपने समर्थकों के साथ पहुंचे कई लोगों ने कांग्रेस के प्रति आस्था जताई। इनमें पूर्व जिपं सदस्य राजबाला, कुलदीप चौहान, इला पंडित, आजाद सैफी, अनिल प्रमुख, प्रदीप सिंह, राजेश्वर सिंह, अनिश अहमद प्रमुख रहे।

मंच पर पहुंचने की मारामारी

प्रमुख नेताओं के आने से पहले ही मंच पर पहुंचने के लिए दावेदारों के साथ अन्य नेताओं में भी मारामारी रही। मुख्य मंच की बराबर में दूसरा बड़ा मंच भी बनाया गया था। लेकिन नेताओं की संख्या अधिक होने से लोग मुख्य मंच पर आना शुरू हो गए। जिससे कुछ देर के लिए अफरातफरी का आलम बना। बाद में कुछ लोगों ने जबरन भी मंच पर चढ़ने का प्रयास किया, जिससे स्थिति असहज हो गई।

काफी देर रही जाम की स्थिति

सभा समाप्त होते ही बड़ी संख्या में लोग सड़क पर गए। जिस कारण बच्चा पार्क चौराहे पर जाम की स्थिति बन गई। तैनात पुलिस कर्मियों ने वाहनों को निकाले की कोशिश की, लेकिन सुधार नहीं हो सका। करीब घंटाभर बाद चौराहे पर स्थिति सामान्य हो सकी। उधर, लोगों की भीड़ और वाहनों ने बेगमपुल, कचहरी रोड, हापुड़ अड्डा आदि मार्गो पर भी जाम की स्थिति बना दी।

नहीं आई शीला दीक्षित

जन आक्रोश रैली में गुलाम नबी आजाद के साथ पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, राजबब्बर, नगमा आदि नेताओं को भी आना था। रैली स्थल पर सभी नेताओं के बडे़-बड़े बैनर पोस्टर भी लगाए गए थे। लेकिन दिल्ली से सिर्फ प्रदेश प्रभारी आजाद ही मेरठ पहुंचे। बाकी नेताओं के न आने का कारण चुनावी तैयारी और प्रत्याशियों की सूची में व्यस्त होना बताया गया।

इनका रहा सहयोग

पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, पूर्व मंत्री मैराजुददीन, पंडित जय नारायण शर्मा, दयानंद गुप्ता, संजीव शर्मा, हरेंद्र अग्रवाल, आफताब अली, जिलाध्यक्ष विनय प्रधान, प्रशांत कौशिक, किशन कुमार किश्नी, सविता सोमानी, रूबीना फरीदी, प्रदीप अरोरा, एनपी सिंह आदि थे।