-रूम लेकर तैयारी करने वाले स्टूडेंट्स के सामने समस्याओं का अंबार

-कमरे में घुस चुका है पानी, एग्जाम सिर पर होने के चलते नहीं जा सकते घर

PRAYAGRAJ: प्रयागराज में आई बाढ़ तैयारी करने वालों के लिए भी मुसीबत का सबब बनी हुई है। दारागंज, सलोरी, छोटा बघाड़ा समेत तमाम निचले इलाकों में पानी घुस चुका है। कमरों में पानी भर जाने के चलते यहां रहने वाले स्टूडेंट्स अब मारे-मारे फिर रहे हैं। हालत यह है कि उन्हें बाढ़ राहत केन्द्रों पर भी एंट्री नहीं मिल रही है।

ढूंढ रहे सॉल्यूशन

बाढ़ की चपेट में आने के बाद यह स्टूडेंटस एनी बेसेंट इंटरमीडिएट फ्लड रिलीफ सेंटर का चक्कर काट रहे हैं। प्रतियोगी छात्र प्रमोद गुप्ता बताते हैं जब से रूम में पानी घुसा है तब से हम सिर्फ भटक रहे हैं। कभी दोस्त के यहां तो कभी स्टेशन पर रात काट रहे हैं। विवेक कुमार बताते हैं दोस्तों के यहां कितने दिन रुकें। कहीं जगह नहीं मिलती तो हॉस्पिटल में रात काटते हैं। लक्ष्मीचंद साहू ने बताया कि एग्जाम सिर पर हैं। ऐसे में हम घर भी नहीं जा सकते। परेशान स्टूडेंटस की बात लेकर आरएसएस नगर अध्यक्ष अनूप तिवारी एनी बेसेंट इंटरमीडिएट फ्लड रिलीफ सेंटर की व्यवस्था देख रहे लेखपाल अवध नारायण मौर्या व सुरेन्द्र कुमार के पास पहुंचे। हालांकि लेखपाल ने कुछ मजबूरियों व महिलाओं की सेफ्टी को देखते हुए किसी भी तरह का मदद देने से इंकार किया। लेखपाल ने कहा कुल 18 नामित बाढ़ राहत शिविर केन्द्र है। इसमें से 3- 4 ऐसे केन्द्र हैं जहां बाढ़ पीडि़त नहीं पहुंच रहे हैं। ऐसे में स्टूडेंट्स को चाहिये कि वे अधिकारी से बात कर अपनी समस्या हल करें।