-मोबाइल से पुलिस ने दी परिजनों को सूचना, जताई हत्या की आशंका

-मोबाइल में फीड नंबरों पर बात करने के बाद पुलिस ने शव की शिनाख्त की।

PRAYAGRAJ: धूमनगंज के हरवारा निवासी विपुल यादव (25) का शव बुधवार को सोरांव एरिया के टिकरी गांव के पास पेड़ लटकता हुआ मिला। सुबह शौच गए लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस को उसकी जेब से दो मोबाइल मिले। मोबाइल में फीड नंबरों पर बात करने के बाद पुलिस ने शव की शिनाख्त की। मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सोरांव पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है।

हरवारा निवासी विपुल यादव पुत्र रामनरेश अपना निजी भार वाहन चलाता था। बताते हैं कि मंगलवार को वह एक पूर्व दीवान के घरेलू सामान को लेकर रायबरेली गया था। बुधवार सुबह वह रायबरेली से वापस लौट रहा था। रास्ते में फोनकर उसने परिजनों को बताया था कि वह कुण्डा पहुंच गया था। इसके बाद उसका फोन घर नहीं आया। परिजनों की मानें तो उसका दोस्त मोहल्ले से एक युवती को भगा ले गया था। युवती के परिजनों ने पुलिस को बताया था कि विपुल को उसके बारे में जानकारी है। इस बात को लेकर वह परेशान रहता था।