मुंबई (एएनआई)। तेज गेंदबाज एस श्रीसंत को आगामी आईपीएल नीलामी के लिए किसी भी फ्रेंचाइजी ने शाॅर्टलिस्ट नहीं किया। गुरुवार को नीलामी में जाने वाले प्लेयर्स की अंतिम सूची जारी कर दी गई। जिसमें श्रीसंत को बाहर रखा गया। पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को 20 लाख के बेस प्राइस के साथ शॉर्टलिस्ट किया गया है। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर मारनस लेबुस्चगने और भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा को भी क्रमश: 1 करोड़ और 50 लाख के बेस प्राइज के साथ लिस्ट में शामिल हैं।

कुल 292 प्लेयर्स को किया गया शाॅर्टलिस्ट
IPL 2021 प्लेयर ऑक्शन लिस्ट गुरुवार को घोषित की गई थी, जिसमें कुल 292 क्रिकेटरों की 18 फरवरी को चेन्नई में नीलामी की जाएगी। एक मीडिया सलाहकार ने कहा कि लीग में शुरुआत में 1,114 क्रिकेटरों ने नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था और आठ फ्रेंचाइजी खिलाड़ियों की सूची प्रस्तुत करने के बाद अंतिम सूची तैयार की गई थी।

2 करोड़ बेस प्राइज में सिर्फ दो भारतीय
सबसे ज्यादा बेस प्राइज 2 करोड़ रुपये का है, जिसमें सिर्फ दो भारतीय खिलाड़ी हरभजन सिंह और केदार जाधव शामिल है। बाकी आठ विदेशी खिलाड़ी हैं जिसमें, ग्लेन मैक्सवेल, स्टीव स्मिथ, शाकिब अल हसन, मोइन अली, सैम बिलिंग्स, लियाम प्लॉकेट, जेसन रॉय और मार्क वुड हैं। 1.5 करोड़ के बेस प्राइज के साथ नीलामी सूची में 12 खिलाड़ी हैं। हनुमा विहारी और उमेश यादव 11 क्रिकेटरों की सूची में दो भारतीय खिलाड़ी हैं, जिनका आधार मूल्य 1 करोड़ है।

आरसीबी के पास सबसे ज्यादा 8 स्लाॅट खाली
चेन्नई में आईपीएल 2021 प्लेयर ऑक्शन में कुल 164 भारतीय खिलाड़ी, 125 विदेशी खिलाड़ी और एसोसिएट नेशंस के 3 खिलाड़ी शामिल होंगे। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के पास सबसे अधिक 13 स्लॉट्स उपलब्ध हैं। इसके बाद किंग्स इलेवन पंजाब (9), राजस्थान रॉयल्स (8) और कोलकाता नाइट राइडर्स (8), सनराइजर्स हैदराबाद (3) का नाम आता है।

Cricket News inextlive from Cricket News Desk