-उपभोक्ताओं ने एजेंसी संचालक पर मनमानी करने का लगाया आरोप

-पटना-पालीगंज सड़क को दो घंटे तक जामकर किया प्रदर्शन

PATNA

: रसोई गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज लोगों ने दुल्हिन बाजार के रकसिया गांव के लोगों ने पटना-पालीगंज सड़क को जाम कर प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि गैस एजेंसी के कर्मचारी समय से रसोई गैस सिलेंडर नहीं देते हैं और पूछने पर गलत जानकारी देते हैं।

रकसिया गांव के दर्जनों इंडेन गैस के उपभोक्ता पिछले 15 दिनों से समय पर सिलेंडर की सप्लाई नहीं होने से आक्रोशित हैं। सिलेंडर के लिए घंटों लाइन में लगने के बाद उपभोक्ताओं ने शुक्रवार की सुबह 10 बजे हंगामा शुरू कर दिया। उपभोक्ताओं ने पटना-पालीगंज सड़क को गांव के मोड़ पर सिलेंडर रखकर जाम कर दिया।

घंटों खडे़ रहते हैं लाइन में

उपभोक्ता राजेश्वर पासवान ने बताया कि पिछले 10 दिनों से मोड़ पर खाली सिलेंडर लेकर नौ बजे सुबह से दोपहर एक बजे तक इंतजार में बैठे रहते हैं। इसके बाद भी आपूर्ति नहीं नहीं हो पा रही है। बिपिन कुमार ने बताया कि कई बार कार्यालय भी गए, लेकिन कर्मचारी उपभोक्ताओं को सही जानकारी नहीं देते हैं। प्रदर्शन कर रहे लोग स्थायी समाधान निकालने की मांग कर रहे थे।

लग गई वाहनों की कतार

थानाध्यक्ष अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और इसके बाद एजेंसी संचालक ने नियमित गैस सिलेंडर सप्लाई का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम समाप्त किया गया। इस बीच एक घंटे तक रोड जाम रहा, जिससे दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।

वर्जन

प्रतिदिन आठ सौ सिलेंडर की खपत है, लेकिन पर्याप्त मात्रा में सप्लाई एजेंसी को नहीं मिल पा रही है। पिछले तीन दिनों से गाड़ी आई ही नहीं है, जिससे उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नहीं मिल पाया है।

-राजेंद्र सिंह, मैनेजर, इंडेन गैस एजेंसी