- लखनऊ से पावर कट के अलावा अन्य वजहों से बार-बार रोस्टरिंग

KANPUR : मंगलवार को पॉवर कट ने शहरवासियों को खूब रूलाया। दोपहर 12 बजे के बाद शुरू हुआ रोस्टरिंग का सिलसिला शाम तक चलता रहा। वहीं कुछ इलाकों में ट्रांसफॉर्मर फुंकने के अलावा ओवरलोडिंग के कारण अंडर ग्राउंड केबिल फॉल्ट भी हो गया। जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

दो घंटे की रोस्टरिंग

केस्को अफसरों ने दोपहर करीब 12.25 बजे से रोस्टरिंग का दावा किया है। मगर, हकीकत में पॉवर कट सुबह 11.15 बजे से ही शुरू हो गया था। बिजली की किल्लत दो घंटे बाद करीब 2.25 बजे तक जारी रही। लाइट आने के बाद भी शाम 5 बजे तक बीच-बीच में लाइट जाती रही।

फुंके ट्रांसफार्मर, हुए फाल्ट

सुजातगंज-1 में 630 केवीए इदरीश ट्रांसफार्मर डैमेज होने से सुजातगंज में बिजली गुल रही। सादिक शाह मजार के पास 400 केवीए का ट्रांसफार्मर भी फुंकने पर बदला गया। इसी बीच अंडरग्राउंड फाल्ट से नवाबगंज बीएस पार्क में सप्लाई बाधित रही। उधर, नवीन नगर में केबल जोड़ने व यार्ड की पेंटिंग के कारण सुबह 11.15 से शाम 4.15 बजे तक बिजली नहीं आई।

दिन भर बनी रही समस्या

मंडी समिति गल्ला बौद्ध नगर व मंडी परिषद फीडर का शटडाउन पेड़ों की छंटाई के कारण लिया गया। इससे सुबह 11.10 बजे से दोपहर 3.05 बजे तक बिजली नहीं आई। वहीं किदवई नगर में जम्फर की शिफ्टिंग के कारण नौबस्ता में 35 मिनट बिजली नहीं आई। विकास नगर सबस्टेशन 11 केवी केसा कालोनी व 11 केवी ख्यौरा फीडर सप्लाई का शटडाउन भी पेड़ों की छंटाई के कारण लिया गया। नवीन नगर में भी 33 केवी फीडर सप्लाई ब्रेकडाउन के कारण शाम 5.30 बजे से पॉवर क्राइसिस बनी रही।