छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब के कारण शहर और आसपास के क्षेत्र का मौसम लगातार दूसरे दिन भी बिगड़ा रहा। दिनभर आसमान बादलों से ढका रहा। शनिवार को दूसरे दिन भी सूरज नहीं निकला, इस दौरान बूंदाबांदी होती रही। मौसम विभाग के अनुसार शहर में शनिवार को 1.8 मिमी बारिश हुई। बेमौसम हुई बारिश से लोगों की परेशानी बढ़ी रही। घरों से जरुरी काम के लिए ही लोग निकले। सड़कों और बाजार में सन्नाटा पसरा रहा, कुछ दुकानें भी बंद रही। दिन भर बूंदाबांदी होने से लोग अलाव तापते दिखे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार से मौसम में सुधार होगा। रविवार और सोमवार को कोहरा छाए रहने के साथ मंगलवार से आने वाले शुक्रवार तक आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।

अधिकतम तापमान सामान्य से 11.0 डिग्री कम

दो दिनों से लगातार हो रही बारिश की वजह से तापमान में भी भारी गिरावट हुई है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 11.0 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक दिन डिग्री कम दर्ज किया गया है। पिछले 48 घंटे के दौरान शहर का अधिकतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस घटा है। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 16.9 और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के साथ हवा चलने से तापमान और गिरने का अनुमान लगाया जा रहा है।

आज से सुधार की संभावना

मौसम पूर्वानुमान में रविवार से मौसम में सुधार होने की संभावना जताई गई है। शहर और आसपास के क्षेत्र में बंगाल की खाड़ी में उठे निम्न दाब का असर कम होगा। इस दौरान दो दिन कुहासा छाया रहेगा, जो दिन चढ़ने के साथ साफ होता जाएगा। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 11 से 14 फरवरी तक आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे।