JAMSHEDPUR: पूर्वी सिंहभम जिला समेत आसपास के इलाकों में 25 जुलाई से झमाझम बारिश होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के निदेशक के अनुसार 26 जुलाई को पश्चिम बंगाल और उससे लगने वाले बंगाल की खाड़ी के क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस सिस्टम के प्रभाव से झारखंड में मानसून 25 जुलाई से सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। इसके बाद क्षेत्र में झमाझम बारिश होने की उम्मीद है।

कमजोर रहा है मानसून

पूर्वी सिंहभूम जिला में इस वर्ष शुरूआत से ही मानसून कमजोर रहा है। मानसून की बेरुखी के कारण जिला क्षेत्र में खेती की स्थिति दयनीय बनी हुई है। खेतों में पानी नहीं रहने के कारण धान की रोपनी नहीं हुई है। किसान चिंतित हैं। मौसम विभाग के अनुसार जिला में औसत से 30 प्रतिशत कम बारिश हुई है। 23 जुलाई तक जिला क्षेत्र में औसतन 467 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस वर्ष 324.9 मिमी बारिश हुई है। पूर्वी सिंहभूम के साथ पूरे प्रदेश में बारिश की स्थिति अच्छी नहीं है। राज्य में औसत से 45 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पूरे प्रदेश में अबतक 441.1 मिमी बारिश होनी चाहिए, लेकिन 241.4 मिमी बारिश हुई है।

बारिश से मिली राहत

मंगलवार को शहर में हुई बारिश के बाद लोगों ने राहत महसूस की। दोपहर बाद साकची, मानगो, बिष्टुपुर समेत कई स्थानों में बारिश हुई। सुबह से आसमान साफ रहा। दोपहर को तीखी धूप के कारण गर्मी लोगों को चुभने लगी थी। मौसम विभाग ने दिन का अधिकतम तापमान 37.6 और न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। इस दौरान शहर की आ‌र्द्रता अधिकतम 79 और न्यूनतम 45 प्रतिशत रही।