PRAYAGRAJ: मुट्ठीगंज एरिया के मालवीय नगर निवासी कुक्कू उर्फ नागेश्वर शास्त्री को रविवार सुबह करीब दो बजे गोली मार दी गई। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। घटना से मोहल्ले में दहशत फैल गई। एसआरएन हॉस्पिटल में इलाज बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई। घटना की वजह वर्चस्व की जंग मानी जा रही है। घायल की तहरीर पर पुलिस ने आशुतोष यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दिया है।

नामजद रिपोर्ट दर्ज

मालवीय नगर निवासी कुक्कू और आशुतोष के बीच काफी पुरानी रंजिश है। बताते हैं कि कुक्कू पर कोतवाली व वाराणसी के आदमपुर में कई मुकदमे हैं। आरोपित आशुतोष के ऊपर भी पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच वर्चस्व को लेकर तनातनी थी। रविवार को कुक्कू को आरोपित ने पीछे से गोली मार दी। गोली पीठ में लगने से वह घायल हो गया। इलाज बाद उसकी हालत खतरे से बाहर है। कुक्कू की तहरीर पर आशुतोष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

एसआरएन हॉस्पिटल परिसर में खड़ी दो बाइक शॉर्ट सर्किट से अचानक जल गई। घटना शनिवार रात की है। बताते हैं कि रात करीब बारह बजे अचानक विद्युत पोल के पास शॉर्ट सर्किट हुआ। चिंगारी नीचे खड़ी बाइक पर आ गिरी, इससे उसमें आग लग गई। आग की लपट पास में खड़ी एक दूसरी बाग को अपने आगोश में ले ली। यह देख परिसर में मौजूद लोग शोर मचाने लगे। जब तक लोग आग बुझाते बाइक पूरी तरह से जल चुकी थी।