-युवक के कूल्हे को छेदते हुए जांघ तक घुस गया था छड़

-बेड़ो के मुरशद का शनिवार को हुआ था एक्सीडेंट

-डॉ विनय व उनकी टीम ने डेढ़ घंटे में किया सफल ऑपरेशन

RANCHI: रिम्स के डॉक्टरों ने रविवार को मुरशद फरास नामकयुवक के कमर में घुसा हुआ सरिया ऑपरेशन कर निकाल दिया। युवक की हालत अब स्थिर बनी हुई है। डॉक्टरों ने बताया कि एक्सीडेंट में सरिया युवक के कूल्हे को छेदते हुए जांघ तक घुस गया था। घायलावस्था में उसे शनिवार को रिम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। बताते चले कि बेड़ो के मुरशद का शनिवार को एक्सीडेंट हुआ था। परिजनों ने उसे रिम्स में भर्ती कराया था। रविवार को डॉ। विनय प्रताप और उनकी टीम ने डेढ़ घंटे आपरेशन करने के बाद सरिया को सफलता पूर्वक निकाल लिया। इसमें रिम्स की ओर से दो यूनिट ब्लड भी दिया गया। टीम में डॉ। विनय के साथ डॉ। उत्कृष्ट कांत, डॉ। रबीश और डॉ। श्याम केसरी शामिल थे। वहीं एनेस्थिसिया के डॉ। वरुण, डॉ। हरिश और डॉ। संजय की भी ऑपरेशन में अहम भूमिका रही।

रैली निकालेगी कायस्थ महासभा

अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की झारखंड प्रदेश इकाई रांची की ओर से रांची में चित्रांश रैली का आयोजन होगा। यह निर्णय रविवार को बिहार क्लब में आयोजित महासभा की आम बैठक में लिया गया है। बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे। इस दौरान अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के नव मनोनीत अध्यक्ष डॉ प्रणव कुमार बब्बू का अभिनंदन भी किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुकेश कुमार ने की। पूर्व मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि कायस्थ जाति समाज के सभी अंगों के साथ समन्वय में विश्वास रखती है। इस समाज ने देश की आजादी से लेकर नव निर्माण तक में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। महासभा के अध्यक्ष प्रणव कुमार बब्बू ने कहा कि रांची में होने वाली रैली में कायस्थ समाज राजनीतिक भागीदारी और हिस्सेदारी के मुद्दे पर एक लंबी लकीर खींचेगा। बैठक में डॉ सीबी सहाय, डॉ अनल सिन्हा, प्रमोद श्रीवास्तव, प्रदीप सिन्हा, मानस सिन्हा, वंदना सिन्हा, कुमार निकेश, मुकेश श्रीवास्तव, सूरज कुमार सिन्हा, रतनलाल, मृणालिनी अखौरी सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।