- भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष थे राजसिंह

- बदमाशों ने घर में घुसकर मारी गोली

ROORKEE: तांशीपुर गांव में बदमाशों ने दिनदहाड़े एक भाजपा नेता की गोली मार कर हत्या कर दी। बदमाशों ने भाजपा नेता के घर में घुसकर घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद बदमाश फरार हो गए। दिनदहाड़े हत्या की इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।

घर में अकेले थे भाजपा नेता

कोतवाली मंगलौर क्षेत्र के गांव तांशीपुर निवासी राजसिंह पुत्र राजपाल सिंह भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष के पद पर तैनात थे। मंगलवार को भाजपा नेता अपने आवास में अकेले थे, इसी दौरान दो नकाबपोश बदमाश उनके घर आ धमके और भाजपा नेता को गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद बदमाश फरार हो गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर कोतवाली मंगलौर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारियां जुटाईं। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया दिया है। मृतक भाजपा नेता के भाई ने पुलिस को घटना की तहरीर दी है। घटना के बाद एसएसपी ने मौके का जायजा लिया और अधीनस्थों को जल्द से जल्द बदमाशों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

असमंजस में पुलिस

भाजपा नेता की हत्या करने वाले बदमाशों की संख्या को लेकर पुलिस असमंजस में है, जानकारों की मानें तो पुलिस ने घटना के तुरंत बाद हत्यारों के लाल रंग की सैंट्रो कार में इकबालपुर संपर्क मार्ग से फरार होने की सूचना फ्लैश की। बदमाशों को कार सहित पकड़ने के लिए क्षेत्र के तमाम संपर्क मार्गो पर चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन हत्यारोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए।

हाल में लड़ा था जिपं का चुनाव

बदमाशों द्वारा मारे गए भाजपा नेता ने हाल ही में जिला पंचायत की पनियाला चंदापुर सीट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन वे चुनाव हार गए थे। हत्या के पीछे कोई चुनावी रंजिश है या कुछ और इसका जांच के बाद ही खुलासा हो पाएगा, फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।