मॉस्को (एपी)। रूसी सेना का कहना है कि उसने यूक्रेन की एयर डिफेंस एसेट्स और एयर बेस को नष्ट कर दिया है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूसी हमलों ने "यूक्रेनी सेना के एयर फोर्स को ध्वस्त कर दिया है।" साथ ही उन्होंने यूक्रेन के उस दावे का भी खंडन किया जिसमें कहा गया कि यूक्रेनी सेना ने रूसी विमानों को मार गिराया है। यूक्रेनी सेना ने बताया कि उसने देश पर रूसी हमले का सामना करते हुए पांच रूसी विमानों को मार गिराया है।

लोगों को घर के अंदर रहने की सलाह
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार सुबह यूक्रेन पर हमले का एलान करके हड़कंप मचा दिया है। हालांकि दुनिया भर के नेता रूस के इस कदम की आलोचना कर रहे हैं। इस बीच चीन ने यूक्रेन में अपने लोगों को जारी सैन्य कार्रवाइयों और अराजकता के कारण घर में रहने की सलाह दी है लेकिन रूसी सेना का कोई जिक्र नहीं किया। कीव दूतावास के सोशल मीडिया अकाउंट पर गुरुवार को जारी नोटिस में कहा गया है: "सामाजिक व्यवस्था अराजक और नियंत्रण से बाहर है, खासकर उन शहरों में जहां गंभीर अशांति का समय होता है।" नोट में कहा गया कि सड़कों पर चलने वाला व्यक्ति हमले का निशाना हो सकता है और यातायात को किसी भी समय रोका जा सकता है। इसमें कहा गया है कि लोगों को शांत रहना चाहिए और खतरे में आने पर स्थानीय अधिकारियों से संपर्क करना चाहिए।

International News inextlive from World News Desk