- शहर के प्रमुख चौराहों पर रंगोली बनाकर निगम ने किया जागरुक

Meerut । स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 के लिए एक बार फिर नगर निगम तैयारियों में जुट गया है। इसके लिए बुधवार को स्वच्छता सर्वेक्षण रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वच्छता सर्वेक्षण के उद्देश्यों से लेकर सहयोग तक की जानकारी विभिन्न पोस्टर बैनर, पॅम्पलेट और नुक्कड़ नाटिका की मदद से दी गई। इस दौरान शहर के प्रमुख चौराहों पर रंगोली भी बनाई गई।

स्वच्छता ही समृद्धि की ओर

स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता ही समृद्धि की ओर स्लोगन के साथ इस रैली का आयोजन किया। बच्चा पार्क से शुरु होते हुए रैली को शहर के कई प्रमुख मार्गो पर निकाला गया। इस दौरान निगम आला अधिकारी और कर्मचारियों के साथ शहर के लोग रैली में शामिल रहे। रैली के माध्यम से साफ सफाई, पर्यावरण शुद्धता आदि के संदेश को जन जन तक पहुंचा गया। रैली के दौरान जागरुकता से संबंधित पम्पलेट वितरण कर लोगों को जागरण किया गया। बच्चा पार्क पर स्वच्छता सर्वेक्षण की जानकारी देते हुए घरों के आसपास साफ सफाई, सार्वजनिक स्थलों पर साफ सफाई आदि की जानकारी दी। इस दौरान बच्चा पार्क, शिव चौक, कॉपरेटिव बैंक चौराहा और कमिशनरी चौराहे पर स्वच्छ भारत मिशन की रंगोली बनाकर भी लोगों को जागरुक करने का प्रयास किया गया। रैली में नगरायुक्त अरविंद चौरसिया, अपर नगरायुक्त ब्रजपाल सिंह, मेयर सुनीता वर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ। गजेंद्र, अरुण खरखौदिया आदि शामिल रहे।