- पुनपुन से ही पीछा कर रहे थे अपराधी

- सुइथा गांव के मुखिया और उसके बेटे के खिलाफ एफआईआर

PATNA : राजधानी और इसके आसपास के इलाकों में अपराधी फिर से न केवल सिर उठाने लगे हैं बल्कि सरेआम पुलिस को कड़ी चुनौती दे हत्या की वारदात को अंजाम दे कर फरार हो जा रहे हैं। बुधवार की सुबह भी अपराधियों ने खूनी खेल खेलते हुए हत्या की एक वारदात को अंजाम दिया है। ये आपराधिक वारदात है राजधानी पटना से सटे परसा बाजार की। जहां सुबह सात बजे के करीब अपराधियों ने एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी। मौत के घाट उतारे गए युवक का नाम विकास कुमार है। क्7 साल का विकास इंटरमीडिएट का स्टूडेंट था और पुनपुन का रहने वाला था। अपराधियों ने घटना को उस वक्त अंजाम दिया, जब वो घर से कोचिंग जाने के लिए निकला था। पटना के सिपारा इलाके की एक कोचिंग में वह क्लास करता था। पुनपुन से सिपारा बाइक से आता था।

पीछा कर मारी गोली

जिस तरीके से हत्या की गई है उससे साफ पता चलता है कि अपराधियों को विकास के बारे में पूरी जानकारी थी। वह कब कोचिंग जाता है और कब लौटता है। यही कारण था कि अपराधी पुनपुन से ही विकास का पीछा कर रहे थे। जैसे ही वह परसा बाजार इलाके में पहुंचा और पुरानी रेलवे गुमटी के आसपास का माहौल सन्नाटेदार देख बाइक सवार दो अपराधियों ने उसकी बाइक को ओवर टेक किया। फिर विकास की कनपट्टी में एक गोली दाग दी। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हो सकता है मामला

विकास पुनपुन के रहने वाले राजकुमार गुप्ता का छोटा बेटा था। हत्या के पीछे के कारणों की पुलिस जांच कर रही है। हालांकि प्राइमरी इंफॉरमेशन के आधार पर वारदात के पीछे प्रेम-प्रसंग का मामला होने की संभावना है। दरअसल, सुईथी गांव के मुखिया की बेटी से विकास का अफेयर था। दोनों भागे भी थे। इस मामले में पुलिस ने विकास को गिरफ्तार भी किया था। संभावना है कि इसी मामले की खुन्नस हत्या कर निकाली गई है।

पिता ने कराया नेम्ड एफआईआर

हत्या की जानकारी मिलते ही परसा बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के बाद पुलिस ने डेड बॉडी को पोस्मार्टम के लिए भेज दिया। पिता राजकुमार ने मुखिया और उसके बेटे अनमोल के खिलाफ नेम्ड एफआईआर दर्ज कराया है।

हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग का मामला आ रहा है। जिसमें विकास को जेल भी जाना पड़ा था। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

मनु महाराज, एसएसपी पटना