आगरा(ब्यूरो)। कुछ दिनों पहले टमाटर के भाव चढ़े थे। टमाटर की कीमत सामान्य होने के बाद त्योहारी सीजन में अब प्याज के भाव चढऩे लगे हैं। सब्जी व्यापारियों की मानें तो सप्ताहभर पहले भाव 30 रुपए किलो था। अब होलसेल में ये 60 रुपए किलो, जबकि रिटेल में 80 रुपए किलो तक बिक रहा है। ताजगंज क्षेत्र निवासी महेश ने बताया कि वह पास ही बसई मंडी से सब्जी खरीदकर लाते हैं। आठ दिन पहले प्याज 30 रुपए किलो लेकर आए थे। शुक्रवार को जब मंडी में लेने पहुंचे 65 रुपए किलो प्याज मिल रही थी। वह भी अच्छी क्वालिटी की नहीं थी।

रिटेल में अधिक मार
होलसेल में प्याज के भाव 50-60 के बीच बने हुए हैं। लेकिन रिटेल में कस्टमर पर अधिक मार पड़ रही है। मंडी से कॉलोनी तक प्याज पहुंचने में इसके भाव में 20 से 30 रुपए किलो की बढ़ोत्तरी हो जाती है।

पहले लेते थे पांच किलो, अब एक किलो
प्याज के दाम बढऩे पर लोगों ने इसकी खरीदारी की मात्रा में कमी कर दी है। शाहगंज के रहने वाले नितिन ने बताया कि प्याज और आलू मंडी से हफ्ते में एकबार 10-10 किलो खरीद लाते हैं। लेकिन प्याज के महंगे होने से अब पांच किलो ही ला रहे हैं। इसका इस्तेमाल तो बंद नहीं किया जा सकता, लेकिन जब तक महंगी है कम से ही काम चलाना पड़ेगा।

10 दिन में रहे हुए डबल
सिकंदरा मंडी के पूर्व अध्यक्ष कफीलउद्दीन ने बताया कि पिछले 10 दिन में प्याज के भाव तेजी से बढ़े हैं। 10 दिन में जो प्याज 20 से 24 रुपए किलो थी, वह प्याज अब 40 से 45 रुपए किलो आढ़त से बिक रही है।

अगले 15 दिन प्याज के अहम
प्याज के थोक व्यापारी कफीलउद्दीन ने बताया कि अगले 15-20 दिन में प्याज के भाव में गिरावट आने की उम्मीद है। नई प्याज बाजार में आ जाएगी, जिसके प्याज के भाव में गिरावट आएगी। सबसे पहले प्याज की नई फसल अलवर से आना शुरू होगी। जो लाल प्याज होती है, जिसे गीली प्याज भी कहा जाता है। इसके बाजार में आने से भाव कंट्रोल होना शुरू हो जाएंगे। इसके बाद महाराष्ट्र, कर्नाटक , गुजरात आदि एरियाज में से भी नई फसल आना शुरू हो जाएगी।

होलसेल में सस्ता, रिटेल में महंगा
कई सब्जियों के दाम होलसेल की अपेक्षा रिटेल में काफी ज्यादा हैं। अदरक होलसेल में 60 से 70 बिक रहा है तो रिटेल में अदरक 20 रुपए का 100 ग्राम तक बिक रहा है। इस हिसाब से 200 रुपए किलो तक अदरक की कीमत पहुंच रही है।

इस तरह सब्जियों के रेट
सब्जी होलसेल रिटेल

प्याज- 40 से 45 80 प्रति किलो
लहसन 120 20 प्रति 100 ग्राम
अदरक 60 से 70 20 प्रति ग्राम
टमाटर 20 से 25 35-40 प्रति किलो
आलू 20 30 रुपए प्रति किलो

नोट::होलसेल भाव रुपए प्रति किलो में.

45 टन प्याज अभी आ रहा सिकंदरा मंडी में
100 टन प्याज आता है एवरेजन सामान्य दिनों में सिकंदरा मंडी में