- जलेसर के निकट हुआ हादसा, तिलक चढ़ाकर लौट रहे थे आगरा

- 24 लोग घायल, आधा दर्जन की हालत गंभीर, सभी आगरा निवासी

एटा। तिलक चढ़ाकर लौट रहे लड़की पक्ष के लोगों से भरा कैंटर शुक्रवार सुबह नाले में जा गिरा। हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य ने हॉस्पिटल जाते समय दम तोड़ दिया। दो दर्जन से अधिक घायल हो गए। इनमें आधा दर्जन की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी मृतक और घायल आगरा के डौकी क्षेत्र के गांव नगरिया के हैं।

बेकाबू हो गया कैंटर

जलेसर क्षेत्र के गांव नगला लाल सिंह में सुरेश के पुत्र राममिलन के यहां आगरा जिले के गांव नगरिया थाना क्षेत्र डौकी के प्रेम सिंह अपनी बेटी का तिलक लेकर गुरुवार शाम को आए थे। लड़की पक्ष की ओर से कैंटर में करीब 40 लोग आए थे। तिलक चढ़ाने के बाद लड़की पक्ष के सभी लोग रात करीब तीन बजे कैंटर से लौट रहे थे। जलेसर-आगरा के बीच स्थित सरायनीम के पास एक बड़े नाले की पुलिया पर आते ही कैंटर बेकाबू हो गया। नाले में जा गिरा। हादसा करीब सवा तीन बजे हुआ।

फोन कर साथियों को बुलाया

कैंटर के नाले में गिरते ही चीखपुकार मच गई। कैंटर के नीचे कई लोग दब गए थे। घटनास्थल गांव सरायनीम के बिल्कुल पास ही था। गांव नगरिया से एक मैक्स गाड़ी और भी आई थी, जो इस कैंटर से आगे निकल चुकी थी। घायलों में से किसी ने इस गाड़ी में बैठे लोगों को फोन किया। मैक्स गाड़ी भी लौटकर घटनास्थल पर आ गई। चीखपुकार सुन गांव वाले आ गए। पुलिस को सूचना दी। घायलों को बाहर निकालने में जुट गए। इनमें से सात लोगों की संासें थम चुकी थीं। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया। मगर सात अन्य घायलों ने एटा जिला अस्पताल आते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया। मरने वालों में तीन परिवारों के इकलौते पुत्र भी शामिल हैं। हादसे में घायल दो दर्जन लोगों को आगरा में भर्ती कराया गया है। डीएम अमित किशोर, एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने मौके पर पहुंच राहत और बचाव कार्य कराया। डीआईजी आरपी सिंह यादव भी एटा पहुंचे और हालातों का जायजा लिया।

मृतकों के नाम

गिरंद सिंह (65), लवकुश (21), मुकेश (20), खड़गजीत (45), प्रशांत यादव (12), पदम सिंह (45), विजय सिंह (20), शैतान सिंह (25), पदम सिंह पुत्र अंगूरी सिंह (22), प्रवेंद्र (35), नीटू (19), बनी सिंह (38), ओमवीर (23), कुलदीप (19)।

ये हुए घायल

रामरज (20), सुरेंद्र (19), छोटू (22), आकाश (18), विजय (14), धीरेंद्र (22), शिवम (12), ताराचंद्र (45), अमित (21), विनय (19), कंचन (30), निरोती (14), राकेश (45), जनक सिंह (48), जितेंद्र (30), मातादीन (35), विजय पुत्री जनक सिंह (12), ¨पटू (35), श्रीकृष्ण (45), रवि (30), योगेंद्र (12), दीपू (14), एक अज्ञात।

मृतक के परिवारीजनों को दो-दो लाख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर जलेसर क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मारे गए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये व गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की मदद देने की घोषणा की है। सामान्य रूप से घायलों को 25-25 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। जिलाधिकारी अमित किशोर ने बताया कि मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

पुलिया किनारे नहीं है रेलिंग

जहां हादसा हुआ, वहां नाले की पुलिया पर रेलिंग नहीं है। ये पुलिया तीव्र मोड़ पर है। ग्रामीणों की मानें तो आमतौर पर अनजान वाहन को ये पुलिया दूर से दिखाई नहीं देती है। इसके चलते आए दिन हादसे होते हैं। शुक्रवार को कैंटर भी इसी के चलते हादसे का शिकार हुआ।