आगरा: गुजरात के मेहसाना निवासी आनंद पुरी एक दशक से आगरा में रहकर एनएम कोरियर कंपनी संचालित कर रहे हैं। कोतवाली क्षेत्र की तिवारी गली में मार्केट की पहली मंजिल पर कोरियर कंपनी का कार्यालय है और दूसरी मंजिल पर बने कमरे में कर्मचारी रहते हैं। शुक्रवार दोपहर 1.45 बजे आनंद पुरी और कर्मचारी सनी पटेल, कृपाल व सहदेव कार्यालय में मौजूद थे। आनंद पुरी के अनुसार चार बदमाश कार्यालय में घुस आए। उनके हाथ में पिस्टल थी। आते ही मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद कर्मचारियों पर पिस्टल तानकर गोली मारने की धमकी दी। ऑफिस में रखे दस लाख रुपए बैग में भर लिए। बाकी कैश के बारे में पूछने लगे। नहीं बताने पर गोली मारने की धमकी दी। दो बदमाश कनपटी पर पिस्टल तानकर कर्मचारी सनी को दूसरी मंजिल पर बने कमरे में ले गए। वहां रखे 30 लाख रुपए भी बैग में भर लिए। भागते समय बदमाशों ने ऑफिस का शटर बाहर से गिरा दिया। एक गोली चलाई और भाग गए। गोली चलते ही बाजार में भगदड़ मच गई। कर्मचारियों के शोर मचाने पर एक युवक ने शटर बाहर से खोला। एडीजी जोन राजीव कृष्ण, आईजी रेंज नचिकेता झा, एसएसपी प्रभाकर चौधरी मौके पर पहुंचे।


चार बदमाशों ने करीब 40 लाख रुपए लूटे हैं। एक पीडि़त दो अधिवक्ताओं के साथ दोपहर सवा दो बजे कोतवाली थाने आया था। उसने लूट की सूचना दी। आशंका है कि कूरियर कंपनी में हवाला का कारोबार होता है। पुलिस की पहली प्राथमिकता बदमाशों को पकडऩा है। इसके लिए टीमों का गठन कर दिया है। सभी टीम बदमाशों की तलाश में लगी हैं।

राजीव कृष्ण, एडीजी