आगरा। लुटेरी दुल्हन का गैंग किस तरह लोगों को अपने जाल में फंसाकर अपना शिकार बना रहा है। शादी का झांसा देकर दूल्हे और उसके परिवार से ठगी की वारदात को अंजाम देने वाला गैंग सबसे पहले दलाल लोगों के संपर्क में आते हैं। फिर वॉट्सएप पर युवतियों की फोटो दिखाई जाती हैं। लड़का पक्ष की ओर से पूरी संतुष्टि करने के बाद लेने-देन की बात की जाती हैं।

उम्र से तय होती है एडवांस की रकम
शादी के इच्छुक व्यक्ति जब युवती की फोटो देखकर लड़की को पसंद करने के बाद लड़के से एडवांस लिया जाता है। इसकी रकम लाखों में होती है। किस दूल्हे से कितने रुपए लेने हैं ये उसकी उम्र से तय होता है। इसके अलावा शादी के बाद घर संभालने और संस्कार होने की बात कही जाती है।

युवती को किया जाता है ट्रेंड
दलाल ने बताया कि गिरोह के लोगों के बीच बातचीत भी कोडवर्ड में होती है। यही नहीं, किसी भी लड़की को लुटेरी दुल्हन बनाने से पहले उसको बाकायदा ट्रेनिंग दी जाती है। उसके नकली मां बाप रिश्तेदार तैयार किए जाते हैं और तो और आधार कार्ड भी नकली बनाया जाता है। जिससे शादी के इच्छुक व्यक्ति और उसके परिवार को कोई शक न हो।

लुटेरी दुल्हनों का जाल
आपको जानकर हैरानी होगी कि ये रैकेट केवल आगरा तक सीमित नहीं है बल्कि फिरोजाबाद , एटा, एमपी, बिहार और गुजरात तक लुटेरी दुल्हनों का जाल फैला है। पूछताछ में दलाल ने बताया कि लूट के माल में आधे-आधे की हिस्सेदारी होती है। यानी आधा माल लड़की का और आधा दलाल का। ऐसा नहीं कि पुलिस ने लुटेरी दुल्हनों पर शिकंजा नहीं कसा। हाल ही में पिनाहट और जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में लुटेरी दुल्हनें गिरफ्त में आई। जांच में खुलासा हुआ कि ये दुल्हनें अब तक 4 से पांच शादियां कर चुकी थीं, यानी कई दूल्हे लुट चुके थे।

समाज में बेइज्जती के डर नहीं करते कंप्लेन
ज्यादातर लुटे पिटे दूल्हे बेइज्जती होने के डर से सामने नहीं आते। जो आने की हिम्मत करते हैं तो सबूत नहीं मिलते। नकली नाम, नकली पहचान, नकली रिश्तेदार। यही नहीं दुल्हन जाते-जाते तमाम वीडियो सबूतों पर भी हाथ फेर जाती है। इसी कड़ी में एक युवक भी सामने आया जो लुटेरी दुल्हन के शिकारों में से एक है। उनके भाई ने बताया कि एक रमा नाम की लड़की शादी हुई थी। साथ ही रजिया नाम की महिला ने दोनों की शादी करवाई थी। उनके पास दोनों की तस्वीरें मौजूद हैं।

अब तक ठगी के शिकार की घटनाएं
2021
-फ्री गंज के तिरंगा अपार्टमेंट में किशन गोपाल की हत्याकर नगदी, जेवर समेट ले गई, लुटेरी दुल्हन।

2021
-जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने लुटेरी गैंग की महिला तीन बच्चों की मां को साथियों के साथ भेजा जेल

2022
-पिनाहट में शादी की रात ससुरालीजनों को नशीला पदार्थ खिलाकर समेट ले गई , लाखों के जेवर, नगदी।

2022
-एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के यमुनापार में लुटेरी दुल्हन कोर्ट मैरिज से पहले नगदी, जेवर समेटकर हुई फरार


इस तरह के गैंग को पकडऩे के लिए पुलिस समय-समय पर कार्रवाई करती है, शादी से पहले सामने वाले पक्ष के बारे में पूरी तरह जानकारी हासिल कर लें, इस तरह की अवेयरनेस से ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।
-विकास कुमार, एसपी सिटी