आगरा। खंदौली में ओवर टेक के चक्कर में एक और हादसा हो गया। एक दिन पहले ही तीन की मौत हुई थी। शनिवार को फिर से हादसा हो गया, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। घटना में दो लोग घायल हो गए। वहीं पहले हुई तीन मौतों से घरों में चूल्हे नहीं जले।

उस्मानपुर के पास हुई घटना

थाना खंदौली स्थित गांव उस्मानपुर के पास शनिवार की सुबह एक बड़ा हादसा होने से बच गया। आगरा से जलेसर जा रही सवारियों से भरी प्राईवेट बस ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। किनारे पर ही खाई थी लेकिन गनीमत रही बस पेड से टकराकर नीचे खाई में नही गिरी।

दो लोग हुए घायल

लोगों का कहना था कि अगर बस खाई में गिर जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। चौकी इंचार्ज मुड़ी उदल सिंह मौके पर पहुंच गए। बस में करीब 20 व 25 सवारियां बैठी हुई थी। हादसे के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से बस में बैठे लोगों को बाहर निकाला हादसे में महिपाल व गजेन्द्र निवासी जामनगर मामूली रूप से घायल हो गये जिन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया।

घरों में नहीं जले चूल्हे

खंदौली शुक्रवार की शाम को लोगों की भीड़ कैंटर से मितावली से तेहरवी में शामिल होकर तानघढ़ी वापस आ रहे थे। सवारियो से भरा कैंटर बहरामपुर के झरना नाले पर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। जिसमें दो महिला सहित एक बच्चे की मौत हो गई। शनिवार को गांव में शव आते ही कोहराम मच गया। तीन मौत के बाद शनिवार को गांव में चूल्हे तक नहीं जले। तीन मौत की खबर के बाद गांव में विभिन्न दलों के नेताओं का आना-जाना बना हुआ है। अभी कई घायलो का इलाज अस्पताल में चल रहा है।