- एफएसडीए ने पकड़ा 7400 लीटर तेल

आगरा। शहर में मिलावटी तेल के नेटवर्क का बड़ा भंडाफोड़ शनिवार को हुआ। तेल के नाम पर जहर बेच रही कंपनी की फैक्ट्री पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने छापा मारा, तो होश उड़ गए। तेल में इस्तेमाल किए जा रहे एसेंस की गंध से टीम के सदस्य बेसुध होने लगे। इस दौरान टीम ने डीलाइट प्लस ब्रांड का 7400 लीटर सरसों का तेल जब्त किया।

हजारों लीटर बांट चुके तेल

एफएसडीए की टीम ने शनिवार शाम जलेसर रोड स्थित आगरा एग्रो प्राइवेट लिमिटेड पर छापा मारा। यहां से डीलाइट प्लस ब्रांड का सरसों तेल बनाया जाता था, जिसकी सप्लाई आगरा मंडल के साथ कानपुर, हरियाणा, राजस्थान सहित अन्य शहरों में की जाती थी। टीम ने आठ नमूने लेने के बाद तेल को जब्त कर लिया। ओल्ड विजय नगर निवासी सिलाची अग्रवाल ने दो साल पहले ऑयल मिल खोली थी। जिसमें आठ माह से मिलावटी सरसों का तेल तैयार किया जा रहा है। तेल में झरप पैदा करने के लिए एसेंस मिलाया जाता था। ये हजारों लीटर बेचा जा चुका है। इस तेल को महज 94 रुपए में बेचा जा रहा था।

किया बरामद

आगरा मिलावटी सरसों के तेल का गढ़ बन गया है। एक साल में यहां एक लाख लीटर मिलावटी तेल जब्त हो चुका है। खंदौली क्षेत्र से लिए गए तेल के नमूनों में मिलावट की पुष्टि हो चुकी है। टीम ने आधा लीटर के 134 कार्टन, 2 लीटर के 169 कार्टन, पांच लीटर के 48 कार्टन, एक लीटर के 163, 200 एमएल के चार कार्टन, 15 लीटर के 57 टिन बरामद कीं।

अधिकारी होने लगे बेसुध

मिलावटी सरसों के तेल को तैयार करने जिन केमिकल को मिलाया जाता था। वे बेहद खतरनाक थे। ये इसी से समझा जा सकता है कि अधिकारियों ने जैसे ही केमिकल की शीशियों को खोला, उन्हें चक्कर आने लगे।