आगरा(ब्यूरो)। अगर आप मेट्रो स्टेशन पर बेवजह रुकते हैं तो आपको आपको जेब ढीली करनी पड़ सकती है। एक मेट्रो स्टेशन पर 20 मिनट से अधिक समय रुकने पर पैसेंजर्स को जुर्माना देना होगा। ये जुर्माना हर घंटे 10 रुपए लगेगा। जिससे कि मेट्रो स्टेशन पर क्राउड मैनेजमेंट रहे।

पीएम दिखा सकते हैं हरी झंडी
ताजनगरी में जल्द मेट्रो का सफर शुरू हो जाएगा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को बीते दिनों ही आगरा मेट्रो के संचालन की अनुमति मिली है। मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त ने सेफ्टी विजिट ऑडिट के बाद अनुमति दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ आगरा मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे। यूपीएमआरसी के अधिकारी जोर-शोर से इसकी तैयारी में लगे हुए हैं। प्रायोरिटी कॉरिडोर पर मेट्रो में सफर के लिए एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक का किराया 10, 15 और 20 रुपये प्रति पैसेंजर तक रहेगा।

प्रायोरिटी कॉरिडोर पर नजर
- 6 टोटल स्टेशन
- 3 अंडरग्राउंड स्टेशन
- 3 एलिवेटिड स्टेशन

ये होंगे स्टेशन और किराया
यूपीएमआरसी के उप महाप्रबंधक (जनसंपर्क) पंचानन मिश्रा ने बताया कि लखनऊ और कानपुर की तरह आगरा मेट्रो का किराया प्रस्तावित है। आगरा में एक स्टेशन के बीच सफर करने के लिए 10 रुपए किराया रहेगा। दो स्टेशन तक के लिए 15 रुपए किराया रहेगा। इसके साथ ही छह स्टेशन तक सफर का किराया 20 रुपए होगा। आगरा मेट्रो का टाइम टेबल सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक का रहेगा।

कितनी रहेगी मेट्रो की अधिकतम स्पीड
शहर में अभी मेट्रो का प्रायोरिटी कॉरिडोर ही तैयार हो सका है। ये छह किमी लम्बा है। इस पर छह मेट्रो का संचालन होगा। जो तीन कोच की होंगी। जिसमें अधिकतम 973 यात्रियों की क्षमता होगी। आगरा मेट्रो की अधिकतम गति 90 किमी प्रति घंटा होगी। लेकिन, 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से मेट्रो चलेगी। 15वीं पीएसी मैदान स्थित डिपो में अब तक 10 मेट्रो पहुंच चुकी हैं। जिसमें आठ मेट्रो का ट्रायल चल रहा है।

मेट्रो पर नजर
लंबाई
29.4 किलोमीटर

कॉरिडोर
2

पहला कॉरिडोर: सिकंदरा-ताज पूर्वी गेट

स्टेशन: सिकंदरा, गुरु का ताल, आईएसबीटी बस स्टैंड, आरबीएस डिग्री कॉलेज, राजा की मंडी, सेंट जॉन्स कॉलेज (जंक्शन), सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज, जामा मस्जिद, आगरा का किला, ताज महल पश्चिमी गेट, फतेहाबाद रोड, बसई, ताज ईस्ट गेट

दूसरा कॉरिडोर: आगरा कैंट से कालिंदी विहार
स्टेशन: आगरा कैंट, सदर बाजार, प्रतापपुरा, आगरा जिला कलेक्ट्रेट, सुभाष पार्क, सेंट जॉन्स कॉलेज (जंक्शन), संजय प्लेस, एमजी रोड, नेहरू नगर, सुल्तान गंज, कमला नगर, रामबाग, फाउंड्री नगर, मंडी समीति, कालिंदी विहार।

भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष प्लानिंग की गई है। जिसके तहत टिकट लेने के बाद यात्री एक स्टेशन पर मैक्सिमम 20 मिनट रह सकता है।
पंचानन मिश्रा, डीजीएम जनसंपर्क, यूपीएमआरसी


मेट्रो के रूल्स के बारे में भी जानकारी होना जरूरी है। शुभारंभ के समय तो बड़ी संख्या में लोग सिर्फ मेट्रो स्टेशन घूमने ही जाएंगे। ऐसे में क्राउड मैनेजमेंट भी जरूरी है।
ब्रजेश शर्मा

इस तरह के नियम से पैसेंजर को अवेयर करना भी मेट्रो का काम है। इस बारे में जानकारी दी जानी चाहिए। जिससे पैसेंजर जुर्माना के प्रति अवेयर रहें।
मुकेश सिंह