आगरा। बप्पी लहरी 2005 में नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के उस वक्त के प्रेसिडेंट अमर मित्तल के अनुरोध पर आगरा आए थे। यहां उन्होंने होटल क्लॉर्क शीराज में चैैंबर द्वारा आयोजित म्यूजिकल नाइट में अपनी प्रस्तुति दी थी। उनके गानों ने श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया था। बप्पी के साथ उनकी पत्नी और बेटी भी आए थे। अमर मित्तल बताते हैैं कि नेशनल चैंबर द्वारा उनका अभिनंदन किया गया था।

टूरिज्म गिल्ड ऑफ आगरा के पूर्व अध्यक्ष अरुण डंग ने बताया कि करीब छह-सात वर्ष पूर्व कलाप्रेमी गुरु स्वरूप श्रीवास्तव ने होटल क्लार्क शीराज में शहर के उद्यमियों व प्रबुद्ध वर्ग के लोगों का कार्यक्रम कराया था। इसमें बप्पी लहरी भी आए थे और शहरवासियों के साथ गहन मंथन किया था। बप्पी लहरी के निधन से शहरवासी काफी दुखी हैं। सभी ने अपने-अपने स्तर पर शोक व्यक्त किया है।

संगीत के प्रति थे समर्पित
मुंबई में रह रहे आगरा निवासी कलाप्रेमी गुरुस्वरूप श्रीवास्तव ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आगरा से उन्होंने ही बप्पी को जोडऩे का प्रयास किया था। श्रीवास्तव ने कहा कि वह बहुत ही नेक दिल इंसान थे। संगीत को उनका समर्पण लाजवाब था। उन्होंने संगीत को शान दी और स्वयं भी हमेशा शान से जीए। संगीत का मान, सम्मान और स्वाभिमान बढ़ाया था। उन्होंने बताया कि जब मुंबई में वर्ष 2005 में गोल्डन जुबली फिल्म फेयर अवार्ड को उन्होंने स्वयं प्रायोजित किया था, तब उसमें बप्पी लहरी को आमंत्रित नहीं किया गया था। उन्हें जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने उन्हें आमंत्रित किया था, जिससे उन्हें बहुत सम्मान का भाव लगा और वे तभी से मुझसे जुड़ गए थे। कोल्ड स्टोरज फेडरेशन के राजेश गोयल, इंक्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन के महासचिव अजय शर्मा, संयोजक ब्रजेश शर्मा ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।