- तीन बाहरी प्रत्याशियों को भी मिला टिकट

- आगरा उत्तर सीट से पांचवी बार मैदान में उतरेंगे जगन प्रसाद गर्ग

आगरा। नामांकन से एक दिन पहले भाजपा ने जनपद की नौ विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार दिए। भाजपा द्वारा जारी की गई सूची में ज्यादातर पार्टी के पुराने चेहरों पर दांव लगाया है। इसमें तीन प्रत्याशी ऐसे हैं, जो दूसरी पार्टी को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। इसमें सपा से जितेन्द्र वर्मा, हेमलता दिवाकर और राजा महेन्द्र अरिदमन सिंह की पत्नी रानी पक्षालिका सिंह है। वहीं आगरा उत्तर विधानसभा सीट से जगन प्रसाद गर्ग ऐसे प्रत्याशी हैं, जो पांचवीं बार मैदान में उतरेंगे।

एत्मादपुर: एत्मादपुर विधानसभा सीट से राम प्रताप सिंह चौहान को फिर एक बार प्रत्याशी घोषित किया गया। हालांकि यहां से बबिता चौहान, टीकम सिंह समेत अन्य कई लोगों ने टिकट के लिए दावेदारी की थी, लेकिन भाजपा ने पुराने प्रत्याशी पर एक बार फिर भरोसा जताया। राम प्रताप सिंह चौहान ने वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में 50 हजार वोट प्राप्त किए थे। इस सीट से कुल 15 उम्मीदवार मैदान में उतरे थे, जिसमें बसपा के डॉ। धर्मपाल सिंह ने 79793 मतों के साथ जीत दर्ज की थी। दूसरे स्थान पर सपा के प्रेम सिंह बघेल को 71371 वोट मिले थे।

फतेहपुरसीकरी। फतेहपुरसीकरी विधानसभा से भाजपा ने पुराने दिग्गज चौ। उदयभान सिंह पर दांव खेला है। इस सीट से दावेदारी करने वालों में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक राणा, राजकुमार चाहर, प्रशान्त पोनियां, मोहन सिंह चाहर का नाम था। चौ। उदयभान सिंह ने 1993 में दयालबाग विधानसभा से जीत दर्ज की थी। 1996 में फिर वे भाजपा से लड़े, किन्तु बसपा के सेठ किशनलाल बघेल के हाथों पराजित हो गए। उसके बाद इस सीट का परिसीमन हो गया। मौजूदा समय में इस विधानसभा को आगरा ग्रामीण के नाम से जाना जाता है। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से बसपा के सूरजपाल ने 67072 वोटों के साथ जीत दर्ज की थी। दूसरे स्थान पर निर्दलीय राजकुमार चाहर 61405 वोटों के साथ रहे थे। पिछली बार इस सीट से सात प्रत्याशी मैदान में थे।

आगरा ग्रामीण:

आगरा ग्रामीण विधानसभा सीट से हेमलता दिवाकर पर पार्टी ने भरोसा जताया। अभी हाल ही में हेमलता सपा छोड़ भाजपा में शामिल हुई थीं। इस सीट से प्रबल दावेदारी करने वालों में प्रभुदयाल कठेरिया, ओमप्रकाश चलनी वाले, राजेश आदि का नाम था। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से बसपा के कालीचरन सुमन ने 69969 वोटों से जीत दर्ज की थी, जबकि सपा से हेमलता दिवाकर 51215 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं थीं। इस सीट से कुल 10 प्रत्याशी मैदान में थे।

फतेहाबाद विधानसभा

फतेहाबाद विधानसभा सीट से जितेन्द्र वर्मा को टिकट दिया गया है। सपा जिलाध्यक्ष रहे जितेन्द्र वर्मा पहली बार चुनाव लड़ेंगे। इस सीट से प्रबल दावेदारी करने वालों में सपा छोड़कर आए छोटेलाल वर्मा, गिर्राज सिंह कुशवाह, प्रदीप भाटी, समेत कई लोगों ने दावेदारी की थीं। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से बसपा से छोटेलाल वर्मा ने 73098 वोटों के साथ जीत दर्ज की थी, जबकि दूसरे स्थान पर सपा के डॉ। राजेन्द्र को 72399 वोट मिले थे। इस सीट पर कुल 10 प्रत्याशी मैदान में थे।

बाह विधानसभा

बाह विधानसभा से भाजपा ने रानी पक्षालिका को मैदान में उतारा है। जो अभी दो दिन पहले ही भाजपा में शामिल हुई हैं। इस सीट से प्रबल दावेदारी करने वालों में बिल्डर संतोष कटारा, अवधेश पाठक, जितेन्द्र वर्मा, हरिओम पांडेय का नाम दावेदारों की सूची में शामिल था। इस सीट से राजा महेंद्र अरिदमन सिंह छह बार विधायक रह चुके हैं। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में राजा महेन्द्र अरिदमन सिंह ने 99379 वोटों से जीत दर्ज की थी, वहीं दूसरे स्थान पर बसपा के मधुसूदन शर्मा 72909 वोटों के साथ रहे थे। इस सीट से कुल 13 प्रत्याशी मैदान में थे।

खेरागढ़ विधानसभा सीट

खेरागढ़ विधानसभा सीट से महेश गोयल को टिकट दिया गया है। महेश गोयल खेरागढ़ विधानसभा सीट से विधायक रहे बाबूलाल गोयल के भतीजे हैं। वे पार्टी में कई जिला स्तर के पदों पर रहे हैं। इस सीट से प्रबल दावेदारी करने वालों में श्यामसुन्दर पाराशर, श्याम भदौरिया, महेश बघेल, अमर सिंह परमार, भोलू आदि थे। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से बसपा के भगवान सिंह कुशवाह ने 69533 वोटों के साथ जीत दर्ज थी। दूसरे स्थान पर सपा की रानी पक्षालिका सिंह रहीं थी। उन्होंने 62427 वोट प्राप्त किए थे। इस सीट से कुल 10 प्रत्याशी मैदान में उतरे थे।

आगरा कैंट विधानसभा सीट

आगरा कैंट विधानसभा सीट आरक्षित से डॉ। जीएस धर्मेश को प्रत्याशी घोषित किया गया है। ये आगरा की सबसे बड़ी सीट है। इस सीट से प्रबल दावेदारी करने वालों में अंजुला माहौर, बेबीरानी मौर्य का नाम शामिल था। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से बसपा के गुटियारी लाल दुबेश ने 67786 वोटों के साथ जीत दर्ज की थी। दूसरे स्थान पर भाजपा के डॉ। गिरिराज सिंह धर्मेश 61371 वोटों के साथ रहे थे। इस सीट से 13 प्रत्याशी मैदान में उतरे थे।

आगरा उत्तर विधानसभा सीट

आगरा उत्तर विधानसभा सीट से भाजपा के जगन प्रसाद गर्ग एक मात्र ऐसे प्रत्याशी हैं, जो पांचवी बार मैदान में उतरेंगे। इससे पहले वे चार बार इस सीट से विजयश्री हासिल कर चुके हैं। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में जगन प्रसाद गर्ग ने 68401 वोट प्राप्त किए थे। वहीं सपा के राजेश अग्रवाल ने 45045 वोट प्राप्त किए थे। इस सीट से 21 प्रत्याशी मैदान में थे।

आगरा दक्षिण विधानसभा सीट

आगरा दक्षिण विधानसभा सीट से विधायक योगेन्द्र उपाध्याय को फिर मैदान में उतारा है। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में योगेन्द्र उपाध्याय ने 74324 वोट प्राप्त किए थे। वहीं बसपा के जुल्फिकार भुट्टो ने 51364 वोट प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया था।