आगरा (ब्‍यूरो)। खंदौली। टोल प्लाजा से एक किलोमीटर आगे शनिवार आधी रात को कारों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में नोएडा जा रहे एटा और फीरोजाबाद के तीन लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।

घटना शनिवार आधी रात की है। एटा के गांव सुरैथा निवासी सोनू, करन और फीरोजाबाद निवासी रश्मि पुत्री सतीश नोएडा जा रहे थे। यमुना एक्सप्रेस वे खंदौली टोल से उनकी कार एक किलोमीटर आगे पहुंची होगी। इसी दौरान नोएडा की ओर से आती तेज रफ्तार अनियंत्रित कार डिवाइडर को तोड़ती हुई उनकी गाड़ी से टकरा गई। भीषण टक्कर से करन की कार पलट गई। तीनों उसमें दब गए, चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजरते अन्य वाहन चालकों ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया। कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला।

नोएडा से आती कार में सवार तीन लोग भी मामूली घायल हो गए। पुलिस के अनुसार तीनों घायल बिना उपचार कराए चले गए। वहीं करन, सोनू और रश्मि को अस्पताल में भर्ती कराया गया।