- शीत लहर ने बढ़ाई सर्दी, बारिश की संभावना नहीं

- अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही बना रहेगा मौसम

आगरा। सर्दी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। खासतौर पर सुबह और देर रात में सितम ढा रही है। लोग शाम से ही घरों में दुबक रहे हैं। ऐसे हालात अगले कुछ दिनों तक बने रहने की संभावना है। फिलहाल तापमान का पारा बढ़ने से दोपहर में जरूर राहत मिलेगी, लेकिन ठिठुरन और गलन बरकरार है।

हिमालय की हवाओं का असर यहां भी देखने को मिल रहा है। हर दिन सर्दी सितम बनकर टूट रही है। गुरुवार को भी पारा दो डिग्री से नीचे ही रहा। मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ये पारा सुबह दर्ज किया गया। हालांकि दोपहर तक तापमान में बढ़ोतरी हुई, लेकिन उत्तरी सर्द हवाओं के असर से ठिठुरन बनी रही। रात में हवाओं ने मौसम ज्यादा सर्द कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान दो डिग्री तक पहुंच सकता है, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री कम होगा। ऐसे हालात में ठिठुरन बरकरार रहेगी।

सुबह सात बजे सबसे कम

गुरुवार को सुबह सात बजे सबसे कम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 18 डिग्री दोपहर तीन बजे मापा गया। मालूम हो कि एक दिन पहले बुधवार को सीजन का सबसे कम तापमान 0.8 दर्ज किया गया। इसे देखते हुए पारा का चढ़ना राहत भरा महसूस हो रहा है।