आगरा(ब्यूरो)। जम्मू-कश्मीर के राजौरी में आतंकियों से लोहा लेते हुए ताजनगरी, प्रतीक एंक्लेव निवासी कैप्टन शुभम गुप्ता बुधवार को शहीद हो गए थे। प्रदेश सरकार की ओर से 50 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की गई थी। शुक्रवार को प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ। जीएस धर्मेश शहीद कैप्टन की मां पुष्पा गुप्ता और पिता वसंत कुमार गुप्ता को 50 लाख रुपए का चेक सौंपने पहुंचे। इस दौरान ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्गविजय सिंह शाक्य, भाजपा महानगर अध्यक्ष भानु महाजन भी साथ थे।

मेरे बेटू को बुला दो
चेक देने के दौरान फोटो खिंचाने पर शुभम की बिलखती हुई मां ने मंत्री से कहा कि मेरे लिए प्रदर्शनी मत लगाओ। मेरे बेटू शुभम को बुला दो। मां के ये शब्द सुनकर कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय और विधायक जीएस धर्मेश के साथ खड़े अन्य नेता निशब्द रह गए। बेटे के शव का इंतजार कर रही मां बिलखती रही।

25-25 लाख के दो चेक क्यों?
भाजपा नेताओं की संवेदनहीनता लोगों के बीच में चर्चा का विषय बन गई। चर्चा थी कि भाजपा नेताओं के चेहरा चमकाने की सियासत के चलते ही 25-25 लाख रुपए के दो चेक बनवाए गए। एक चेक पिता तो दूसरा चेक मां के नाम से था। एक चेक कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने तो दूसरा चेक विधायक डॉ। जीएस धर्मेश ने परिवारीजनों को सौंपा।

लोगों के बीच में चर्चा बने ये सवाल?
- सहायता राशि के दो चेक क्यों बनवाए गए? एक कैबिनेट मंत्री तो दूसरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ने दिया। इसके पीछे क्या भाजपा नेताओं के बीच चेहरा चमकाने की होड़ थी?

- सहायता राशि की घोषणा हो चुकी थी। ऐसे में चेक देना था तो मीडिया की भीड़ के सामने देने की क्या आवश्यकता थी? जबकि बिलखते परिवारीजन अपने शहीद बेटे के शव की राह देख रहे थे।

- शहीद की मां बिलख रहीं थीं। बेटे के गम में उसके आंसु नहीं रुक रहे थे। मां ने नेताओं के चेहरे चमकाने की सियायत पर कटाक्ष भी किया।


शहीद शुभम गुप्ता के नाम पर स्मारक
शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के नाम पर भव्य स्मारक बनाया जाएगा। सहायता राशि का चेक भेंट करने के बाद कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि हमारी सरकार राष्ट्र रक्षा के साथ शहीदों के सम्मान के प्रति समर्पित है। देश के अमर सपूत वीर सैनिक शुभम गुप्ता की यादों को सजोने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।