- ताजगंज क्षेत्र में महिला पर ससुरालियों ने ढाया जुल्म

- दहेज के लिए उत्पीड़न, अप्राकृतिक कृत्य का आरोप

आगरा। थाना ताजगंज क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर ससुरालियों द्वारा जुल्म ढहाया गया। पीडि़ता के परिजन पहुंचे तो पति ने मारपीट कर दी। तीन बार तालाक बोलकर घर से निकाल दिया। पीडि़ता ने महिला थाने में गुहार लगाई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। शिकायत पर एसएसपी ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।

नौ साल पहले हुई थी शादी

थाना डौकी के कुंडौल निवासी मुस्लिम महिला की शादी चार मई 2008 को अब्बास नगर, ताजगंज निवासी युवक से हुई थी। शादी के बाद से ससुराली दहेज में बाइक की मांग करने लगे। विवाहिता का उत्पीड़न शुरू कर दिया। पीडि़ता ने शिकायत दर्ज करा दी। पीडि़ता के मुताबिक पति आठ जनवरी को उसके साथ समझौता कर उसे साथ ले गया। पीडि़ता ने भी मुकदमा वापस ले लिया। इसके बाद उसका जुल्म और बढ़ गया। आरोप है कि वह विवाहिता के साथ अप्राकृतिक कृत्य करने लगा। विरोध करने पर मारपीट करता। ससुराली पति का साथ देते।

तीन तलाक बोलकर घर से निकाला

पीडि़ता ने 11 अप्रैल को अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिवार से मां और भाई घर पर आ गए। भाई ने इस कृत्य का विरोध किया। इस पर पति ने तीन बार तलाक बोल कर मां और भाई के साथ मारपीट कर दी। मारपीट के बाद पति ने घर से बाहर निकाल दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। महिला थाने में शिकायत करने पर भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पीडि़ता ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत दी। एसएसपी ने मामले में छानबीन के आदेश दिए हैं।