- पत्नियों ने निकाल लिया अजीबो-गरीब फॉर्मूला

- ऑटो चालक ने गुपचुप कर ली थी दूसरी शादी

आगरा। अब तक आपने संपत्ति का बंटवारा होते सुना होगा, लेकिन सिकंदरा एरिया में पति का बंटवारा हुआ। सुनकर चौंक गए न। लेकिन ये एक दिलचस्प मामला है। जो बुधवार को सिकंदरा थाने में नजर आया। केस विवाहित ऑटो चालक से जुड़ा है। उसने गुपचुप तरीके से दूसरी शादी कर ली। जानकारी पर दोनों पत्नियों ने हंगामा कर दिया। मामला थाने जा पहुंचा। दोनों पत्नियों में पहले खूब विवाद हुआ, फिर सुलह हुई तो ऐसी कि सुनकर पुलिस कर्मी भी चौंक गए। विवाद के हल का फॉर्मूला कुछ यूं निकाला कि ऑटो चालक एक दिन पति पहली पत्नी, तो दूसरे दिन दूसरी पत्नी के साथ रहेगा। उसकी आय भी दिन के हिसाब से दोनों परिवारों में बंटेगी।

पहले से था शादीशुदा

शास्त्रीपुरम निवासी युवक ऑटो चलाता है। उसकी शादी को सात-आठ साल हो चुके हैं। उसके दो बच्चे हैं। एक साल पहले उसकी मुलाकात संजय प्लेस में काम करने वाली युवती से हुई। दोनों की दोस्ती जल्द प्यार में बदल गई। युवती पहले से शादीशुदा थी। उसके एक बच्चा है। दोनों ने शादी कर ली। चालक ने दूसरी पत्नी को सिकंदरा स्थित किराए के मकान में रखा।

अचानक हुआ गायब, भेद खुला

कुछ दिन पहले चालक दूसरी पत्नी को छोड़ कर गायब हो गया। दूसरी पत्नी उसकी तलाश कर रही थी। मंगलवार रात में वह पहली पत्नी के पास मिला। तीनों बुधवार को थाने पर आ गए। यहां दोनों पत्नियों में विवाद हुआ। दो घंटे चले विवाद के बाद पुलिस ने तहरीर मांगी, लेकिन किसी ने कोई तहरीर नहीं दी। बल्कि पत्नियों ने खुद फैसला किया। दोनों ने तय किया कि पति एक दिन पहली पत्नी व दूसरे दिन दूसरी पत्नी के साथ रहेगा। साथ ही उसकी एक-एक दिन की कमाई का भी दोनो पत्नियों के बीच बंटवारा हो गया।