- 10 जिलास्तरीय अधिकारी क्षेत्रीय लोगों को पढ़ाएंगे सफाई का पाठ

- निर्धारित स्थान पर कूड़ा नहीं डालने वालों पर 25 अक्टूबर से कार्रवाई

आगरा। ताजगंज क्षेत्र में किसी के घर के बाहर कूड़ा मिला, तो चालान काट दिया जाएगा। लोग घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों के बाहर कूड़ा न फेंके, इसके लिए 25 अक्टूबर तक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद भी क्षेत्रीय लोग नहीं सुधरे तो, जुर्माना भरना पड़ेगा। जिलाधिकारी ने गुरुवार को जिम्मेदार विभागों संग बैठक कर योजना को मूर्तरूप दिया। उन्होंने कहा कि ताजगंज क्षेत्र से सफाई की ऐसी मिसाल पेश की जाएगी, जो पूरे शहर के लिए मॉडल का रूप लेगी।

आज से शुरू होगा अभियान

ताजगंज कूड़ा विहीन क्षेत्र हो, इसके लिए जिलाधिकारी गौरव दयाल ने 10 जिला स्तरीय अधिकारियों को नामित किया है। ये अधिकारी शुक्रवार (आज) से चिह्नित 20 स्थानों पर लोगों को जागरूक करेंगे। लोगों को समझाएंगे कि वे घर और दुकान के बाहर कूड़ा न फेंके। सफाई कर्मचारी आएंगे और कूड़ा लेकर जाएंगे। 25 अक्टूबर तक लोगों को समझाया जाएगा। इसके बाद अगर किसी ने कूडे़ को बाहर फेंका, तो चालान काट दिया जाएगा।

ताज से है हमारी पहचान

नगर निगम के कॉलेज में स्वच्छता कार्यक्रम के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ताजमहल शहर की पहचान है। यहां देश-दुनिया से पर्यटक आते हैं। अगर उन्हें इधर-उधर पडे़ कूडे़ से सामना करना पडे़, तो वे यहां के लोगों के बारे में क्या सोचेंगे। सड़कों और घरों के बाहर पड़ा कूड़ा हम सब के लिए ठीक नहीं है।

कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय

उन्होंने बताया कि जो भी सफाई कर्मी जिन घरों अथवा दुकानों से कूड़ा एकत्रित करते हैं, वे कूडे़ को व्यवस्थित ढंग से एकत्रित कर निर्धारित स्थानों पर रखे डस्टबिन में डालें। उन्हें यह भी देखना होगा कि कूड़ा कहीं बाहर तो नहीं गिर रहा है। उन्होंने बताया कि ताजगंज क्षेत्र को पूर्णरूप से कूड़ा विहीन क्षेत्र बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। इस कार्ययोजना के तहत कूड़ा प्रबंधन ऐसा होगा कि पूर्ण रूप से स्वच्छ वातावरण दिखेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि क्षेत्र के लिए सफाई कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी, जिससे निर्धारित समय पर कूड़े का उठान हो सके।

लोगों की सहभागिता जरूरी

नगर आयुक्त इन्द्रविक्रम सिंह ने कहा कि इस व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए लोगों की सहभागिता बहुत जरूरी है। लोगों को अपनी जिम्मेदारी का अहसास होना चाहिए। उन्होंने व्यापार संगठन के लोगों से भी आग्रह किया कि वे अपने दुकानदारों को अच्छे ढंग से समझाएं। अपनी दुकान का कूड़ा निर्धारित स्थान पर रखे कूडे़दान में ही डालें। कूड़े को नाले में भी नहीं फेंका जाए। बैठक में उप नगर आयुक्त अनिल कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जैसवाल, परियोजना निदेशक एके वाजपेयी, डीडीओ योगेन्द्र कुमार पाठक, सैनेटरी इंस्पेक्टर संजीव बालियान, महेन्द्र सिंह, युवा कल्याण अधिकारी आदित्य कुमार आदि मौजूद रहे।