फीरोजाबाद। वर्ष 2015-16 के लिए जिले के 24 लोहिया गांवों की तलाश शुरू हो गई है। जिला विकास अधिकारी ने सपा विधायकों के ढाई सौ से अधिक गांवों की सूची भेजी है। इन्हीं में से नए गांवों को चयन किया जाएगा। फरवरी के अंत तक चयन होने की उम्मीद है। ्र

ग्राम्य विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार हर साल लोहिया समग्र ग्राम विकास योजनान्तर्गत राजस्व गांवों का चयन करती हैं। जिनमें एक दर्जन से अधिक विभाग मिलकर विशेष रूप से विकास कार्य कराते हैं। इसमें विद्युतीकरण से लेकर राशनकार्ड, पेंशन योजनाएं, मनरेगा, लोहिया आवास, शौचालय निर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं गलियों के निर्माण का कार्य शामिल है। अगला वित्तीय वर्ष शुरू होने से पहले ही सरकार ने गांवों का चयन करने के निर्देश दिए हैं।

इसके लिए जिले के करीब 280 राजस्व गांवों की सूची तैयार की गई है। इनमें से 19 गांवों का चयन किया जाना है। जबकि पांच मुस्लिम बाहुल्य गांव चयनित किए जाएंगे। इस साल कौन से गांव लोहिया गांव के रूप में लिए जाएंगे इसका प्रारंभिक रूप से चयन विधायक करेंगे। उनके द्वारा प्रस्तावित सूची जिला प्रभारी मंत्री के माध्यम से शासन तक पहुंचेगी। सूत्रों के अनुसार प्रशासन ने सपा विधायकों को गांवों की सूची भेज दी है।