आगरा(ब्यूरो)। डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि अछनेरा के गांव जनूथा में माता प्रसाद रहता है। माता प्रसाद अफीम तस्कर है। बुधवार रात को पुलिस को सूचना मिली कि वह भारी मात्रा में अफीम लेकर आ रहा है। इस पर थाना सदर पुलिस के साथ एंटी नारकोटिक्स फोर्स ने मधु नगर की तरफ से घेराबंदी कर ली और आरोपी को पकड़ लिया।

तस्कर एमपी से लाते थे अफीम
तस्कर माता प्रसाद के साथ उसका भतीजा मनोज और बहनोई श्याम निवासी देवनारी फतेहपुर सीकरी भी अरेस्ट किए गए हैं। इन लोगों के पास से 6.12 किलोग्राम अफीम बरामद हुई है, इसकी अनुमानित कीमत बाजार में 60 लाख रुपए आंकी गई है। पकड़े गए तस्करों ने बताया कि वे मध्यप्रदेश से अफीम को बोरे में लेकर आते थे, मेन रोड पर नहीं आकर गांव देहात से निकलते थे, जिससे पुलिस उनको पकड़ न सके।

पुडिय़ा बनाकर करते थे सप्लाई
इसके साथ ही पकड़े गए युवकों से तीन मोबाइल, तीन आधार कार्ड, पेन कार्ड और एक बाइक बरामद की है। यह लोग अफीम की पुडिय़ा बनाकर 100 से 200 रुपए में अलग-अलग स्थानों पर ऑन डिमांड बेचते थे। इसके साथ ही आसपास के जिले के लोगों को भी सप्लाई करने का काम किया जाता था। कहीं से फोन पर ऑर्डर आता था तो मनोज अपने साथी के साथ वहां बाइक से अफीम को सप्लाई करता था।

कानपुर का मास्टर माइंड बबलू
पकड़े गए तस्कर माता प्रसाद के साथ उसका भतीजा मनोज और बहनोई श्याम ने बताया कि उनके साथ कानपुर का रहने वाला बबलू और भोला भी इस काम को करते हंै। पुलिस पकड़े गए शातिरों की निशानदेही पर तलाश कर रही है। बबलू को इस पूरे गेम का मास्टर माइंड बताया जा रहा है। बबलू काफी समय से तस्करी के काम में एक्टिव है। पुलिस के पास उसका रिकॉर्ड भी है।

तस्करों का इतिहास पता लगा रही पुलिस
पकड़े गए तस्करों की निशानदेही पर बबलू और भोला के नाम सामने आए हैं, जो डिमांड के अनुसार पैकेट को देकर आते थे। पुलिस इसका पता लगा रही है कि वे दोनों कहां रहते हैं? कहां अफीम को सप्लाई करते हैं। इसके साथ ही इनकी क्राइम हिस्ट्री का भी पता लगाया जा रहा है।

होली पर खपाने की थी मंशा
पकड़े गए तस्कर माता प्रसाद ने बताया कि होली के त्योहार पर अफीम की डिमांड और बढ़ जाती है। शहर और देहात में पुडिय़ा की बिक्री की जाती हैं। इसके साथ डिमांड पर बड़े पैकेट भी बाइक से सप्लाई करने का काम किया जाता है।

गिरफ्तार किए गए आरोपी
-माता प्रसाद पुत्र देवी प्रसाद निवासी ग्राम थाना अछनेरा
-मनोज कुमार पुत्र यादराम निवासी ग्राम जनूथा, अछनेरा।
-श्याम सिंह पुत्र लकीराम निवासी ग्राम देवनारी, फतेहपुर सीकरी।

-बरामद की गई अफीम
6.12 किलो ग्राम
-अफीम की अनुमानित कीमत
60 लाख रुपए
-पुलिस की गिरफ्त में आए तस्कर
03
-फरार चल रहे अफीम तस्कर
02

पकड़े गए तस्करों पर एएनटीएफ एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वे अफीम को कहां से लाते थे और कौन-कौन इस तस्करी में शामिल हैं। बबलू और भूरा के नाम सामने आए हैं, उनकी तलाश की जा रही है।
सूरज राय, डीसीपी