- एकलव्य स्टेडियम में एक मैदान पर हो रही सभी खेलों की प्रैक्टिस

- हैमर थ्रो और भाला फेंक जैसे खतरनाक गेम्स भी फुटबॉल के साथ

आगरा। अपने आप को परफेक्ट खिलाड़ी बनाने के लिए सदर स्थित एकलव्य स्पो‌र्ट्स स्टेडियम में आने वाले प्लेयर्स को जान का खतरा है। एक ही मैदान में क्रिकेट, हॉकी और फुटबॉल के साथ हैमर थ्रो, भाला फेंक जैसे खतरनाक गेम्स की प्रैक्टिस भी होती है। इससे कभी भी खिलाड़ी गंभीर हादसे का शिकार हो सकते हैं।

खेलों के लिए ज्यादा जगह चाहिए

एकलव्य स्टेडियम में एक ही मैदान में कई खेलों की प्रैक्टिस हो रही है। हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट और एथ्लेटिक्स के खिलाड़ी एक ही मैदान में प्रैक्टिस करते हैं। एथ्लेटिक्स में ही दो गेम हैमर थ्रो और भाला फेंक की भी प्रैक्टिस इसी मैदान पर की जाती है। इन दोनों खेलों के लिए खिलाडि़यों को प्रैक्टिस के लिए ज्यादा जगह चाहिए होती है। इसमें यूज आने वाली एसेसरीज नुकसान पहुंचाने वाली भी होती है। लेकिन, इन सब बातों को दरकिनार कर इन गेम्स के खिलाड़ी यहीं प्रैक्टिस करते हैं।

खिलाडि़यों की मजबूरी है

इसमें प्रैक्टिस करने वाले खिलडि़यों की भी मजबूरी है। खिलाडि़यों को प्रैक्टिस के लिए जगह नहीं बचती है। हालांकि इन्हें दूसरे खेल के कोचों ने टाइमिंग चेंज करने के लिए भी कहा है, लेकिन वह भी नहीं कर पा रहे। ऐसे में खिलाडि़यों को कम दूरी तक ही गोला और भाला फेंकना पड़ रहा है। स्टेडियम से खिलाडि़यों के कम होने के बाद ही ये ज्यादा दूर तक गोला और भाला फेंकते हैं। इनके पास हॉकी और फुटबॉल के खिलाड़ी प्रैक्टिस करते हैं। कभी-कभी यह स्थिति भी आ जाती है कि ये गोला या भाला फेंकने की तैयारी करते हैं और उसकी वक्त हॉकी या फुटबॉल इनकी तरफ आ जाती है। अभी तक कोई हादसा नहीं हुआ है, लेकिन स्थिति देख आशंका पूरी बनी हुई है।