आगरा। थाना जगदीशपुरा से भागे प्रेमी युगल तब पकड़ा गया जब नोट बंदी की मार उसे पड़ी। प्रेमी ने अपने दोस्त को खुले रुपये लाने की बात कही इसी के बाद उनकी लोकेशन लीक हो गई और परिजनों ने दोनों को मौके पर जाकर पकड़ लिया। दोनों को थाने लाया गया लेकिन दोनों शादी करने की बात पर अड़े हुए थे। परिजन थाने में समझाने का प्रयास कर रहे थे।

चार साल से प्रेम संबंध

जगदीशपुरा एरिया निवासी युवती ने बीए कर एक कॉल सेंटर पर काम करना शुरु किया। युवक ने भी बीकॉम की पढ़ाई की। दोनों एक ही थाना क्षेत्र में रहने वाले हैं। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए लेकिन जाति दोनों की शादी के आड़े आ गई। दोनों के परिजनों ने शादी से इनकार कर दिया। इस पर युवक ने अक्टूबर के अंत में घर छोड़ दिया। इस पर परिजन कुछ पिघले।

दो साल का परिजनों ने मांगा समय

इसके बाद परिजनों ने दोनों से दो साल का समय मांगा। युवक के दादा ने उससे कहा कि उसके जाने के बाद ही उसकी शादी हो सकती है। लेकिन दो साल तक दोनों में से कोई भी नहीं मिलेगा। फिर भी दोनों का सम्पर्क मोबाइल पर बना रहा। परिजनों से छिपकर दोनों बात करने लगे। एक सप्ताह पूर्व दोनों ने घर की चार दीवार लांघ दी।

सिकंदरा एरिया में रहने लगे

दोनों सिकंदरा एरिया में रहने लगे। यहां पर भी उनको खतरा बना हुआ था। परिजन उनकी तलाश में लगे हुए थे। इस दौरान नोट बंदी की घोषणा हो गई। दोनों ने सिटी से बाहर जाने का प्लान बनाया, लेकिन खुले रुपये नहीं थे। गुरुवार को युवक ने अपने एक साथी को कॉल कर अपनी लोकेशन बताई और पांच सौ के खुले रुपये लाने को बोला, लेकिन परिजन उसके दोस्त पर निगाह रखे हुए थे।

शादी करने पर अड़ा प्रेमी जोड़

मौके पर परिजन पहुंच गए। परिजन दोनों को पकड़ कर थाना जगदीशपुरा ले आए। लड़की पक्ष एक शादी के लिए तैयार हो रहा था, लेकिन युवक के परिजन शादी के विरोध में थे। परिजनों ने शादी के लिए दो टूक मना कर दिया। जबकि दोनों प्रेमी युगल शादी करने की बात पर अड़े थे। पुलिस भी दोनों को समझा रही थी।