फीरोजाबाद। जिला पंचायत चुनाव में सत्ताधारी पार्टी अन्य दलों पर दबाव बनाने में जुटी है। भाजपा जिला पंचायत पद के प्रत्याशी पर जानलेवा हमले और काफिले पर पथराव के आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस ने गुरुवार रात ताबड़तोड़ दबिश दीं। इस मामले में सिरसागंज के सपा विधायक के भतीजे समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं सपा विधायक ने इसे साजिश के तहत की जाने वाली कार्रवाई बताया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

जिला पंचायत चुनाव में भांडरी थाना शिकोहाबाद निवासी राजीव कुमार उर्फ वाले निवासी वार्ड संख्या 30 से भाजपा समर्थित प्रत्याशी हैं। इसी वार्ड से सपा विधायक हरिओम यादव के पुत्र विजय प्रताप उर्फ छोटू उम्मीदवार हैं।

गुरुवार शाम भाजपा प्रत्याशी राजीव कुमार अपने समर्थकों के सपा विधायक हरिओम यादव के पैतृक गांव गढ़सान में जनसंपर्क करने गए थे। वहां से लौटते समय भाजपा प्रत्याशी पर हमला हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। इस मामले में पुलिस ने राजीव की तहरीर पर सपा विधायक के भतीजे नागेंद्र यादव, शशी, सुधीर और मोहित निवासी गढ़सान को नामजद किया। मुकदमा दर्ज होने के बाद ही पुलिस ने रात में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दीं, जिससे गढ़सान में सनसनी फैल गई। पुलिस का कहना है कि पंचायत चुनाव में अराजकता का माहौल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एएसपी ग्रामीण डॉ। संजय कुमार सिंह यादव ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित कर दी गई है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।