- सिकंदरा वाटरव‌र्क्स से जुड़े क्षेत्र में सप्लाई किया जा रहा गंदा पानी

- क्षेत्र में गहराया पेयजल संकट, लोगों को बाजार से खरीदना पड़ रहा

आगरा : गंगाजल के नाम पर घरों में सीवर का गंदा पानी सप्लाई किया जा रहा है। छह दिनों से लोहामंडी क्षेत्र के गढ़ी भदौरिया में ऐसी ही स्थिति है। क्षेत्र में पेयजल संकट खड़ा हो गया है। कंप्लेन के बाद भी विभागीय अफसर इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे।

इन क्षेत्रों में है समस्या

गढ़ी भदौरिया, चाणक्यपुरी, हनुमान नगर, मानस नगर आदि क्षेत्रों में गंदे पानी की सप्लाई की जा रही है। सुबह-शाम सप्लाई के समय जब लोग पानी का पंप शुरू करते हैं, तो नलों में से काला पानी आने लगता है। इसमें बदबू आती है। कलर भी सीवर के पानी की तरह काला होता है। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि उनकी सप्लाई प्रतापनगर स्थित केशवकुंज कॉलोनी से की जाती है। क्षेत्र सिकंदरा प्लांट से जुड़ा हुआ है। गंगाजल सप्लाई का दावा किया जाता है। इसके बाद भी वाटर सप्लाई की ये स्थिति है।