- तड़के 5:30 बजे डैमेज हुई सीटी, दो लाख का नुकसान

- आगरा समेत आसपास के जिलों की सप्लाई हुई प्रभावित

आगरा। पीलीपोखर स्थित 400केवी स्टेशन पर 500 एमवीए के ट्रांसफॉर्मर की सीटी (करंट ट्रांसफॉर्मर) फुंक जाने से आगरा समेत पूरे मंडल में बिजली सप्लाई ठप हो गई। शनिवार तड़के साढ़े पांच बजे ट्रांसफॉर्मर की सीटी फुंकते ही आगरा मंडल में लाइट गुल हो गई।

आला अफसर पहुंचे सब स्टेशन पर

घटना की सूचना मिलते ही ट्रांसमिशन के अधीक्षण अभियन्ता वीपी सिंह पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। तड़के से ही विभाग की टीमें सीटी बदलने को जुट गई। तब कहीं जाकर शाम पौने पांच बजे तक सप्लाई बहाल हो सकी। पीलीपोखर 400 केवी स्टेशन से ट्रांसफॉर्मर की सीटी फुंकने से आगरा समेत कई पड़ोसी जनपद और देहात में बिजली गुल हो गई। शनिवार को सीटी बदलने में विभाग को दो लाख रुपये का नुकसान हो गया।

10 करोड़ का है 500 एमवीए का एक ट्रांसफॉर्मर

पीलीपोखर 400 केवी स्टेशन पर 500 एमवीए का एक ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ है। चार वर्ष पूर्व ये ट्रांसफॉर्मर खरीदा था। इसकी कीमत तकरीबन आठ करोड़ होती है। लगाने की लागत 35 से 40 लाख रुपये आती है। कुल मिलाकर एक ट्रांसफॉर्मर 10 करोड़ में फिट हो पाता है। वर्ष 2015 में इसे 315एमवीए के ट्रंासफॉर्मर को हटाकर 500 एमवीए का ट्रंासफॉर्मर लगाया गया था। मौजूदा समय में पीलीपोखर पर 315 एमवीए के दो और 500 एमवीए का एक ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ है।

क्या है सीटी

ट्रांसफॉर्मर में सीटी करंट ट्रांसफर एक महत्वपूर्ण उपकरण होता है। इससे विद्युत आपूर्ति की जानकारी होती रहती है, कहां कितना लोड है कितनी आपूर्ति किस क्षेत्र को हो रही है। अगर आपूर्ति के समय कहीं लाइन ट्रिप होती है, तो ये संकेतक का कार्य करती है।